HDFC Bank Shares: विदेशी निवेशकों ने मार्च तिमाही में बेची ₹35,000 करोड़ की हिस्सेदारी, शेयर 26% टूटा

HDFC Bank Shares: एचडीएफसी बैंक के शेयरों में मार्च तिमाही के दौरान विदेशी निवेशकों (FIIs) ने भारी बिकवाली की है। शेयरहोल्डिंग आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने मार्च तिमाही के दौरान एचडीएफसी बैंक के करीब 35,000 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए। इसके चलते बैंक के शेयरों में भी इस दौरान तेज गिरावट देखने को मिली

अपडेटेड Apr 06, 2026 पर 12:24 PM
Story continues below Advertisement
HDFC Bank Shares: मार्च 2026 के अंत तक HDFC बैंक में FII की हिस्सेदारी घटकर 44.05% पर आ गई

HDFC Bank Shares: एचडीएफसी बैंक के शेयरों में मार्च तिमाही के दौरान विदेशी निवेशकों (FIIs) ने भारी बिकवाली की है। शेयरहोल्डिंग आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने मार्च तिमाही के दौरान एचडीएफसी बैंक के करीब 35,000 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए। इसके चलते बैंक के शेयरों में भी इस दौरान तेज गिरावट देखने को मिली।

HDFC बैंक का शेयर मार्च तिमाही के दौरान करीब 26.2% टूट गया, जो मार्च 2020 के बाद इसकी सबसे बड़ी तिमाही गिरावट है। उस समय कोविड संकट के दौरान शेयर में 33% से अधिक की गिरावट आई थी।

FII हिस्सेदारी में लगातार तीसरी तिमाही गिरावट

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने बैंक में अपनी हिस्सेदारी में लगभग 3.6% घटाई है, जो करीब 47.95 करोड़ शेयरों के बराबर है। मार्च 2026 के अंत तक HDFC बैंक में FII की हिस्सेदारी घटकर 44.05% पर आ गई, जो इससे पहले दिसंबर तिमाही के अंत में 47.67% थी।


सिर्फ हिस्सेदारी ही नहीं, बल्कि निवेशकों की संख्या भी घटी है। दिसंबर तिमाही के अंत में, HDFC बैंक में कुल 2,757 विदेशी निवेशकों ने निवेश किया हुआ था। वहीं मार्च के अंत तक यह संख्या घटकर 2,528 रह गई। यह लगातार तीसरी तिमाही है जब विदेशी निवेशकों ने बैंक में अपनी हिस्सेदारी कम की है।

घरेलू निवेशकों ने बढ़ाई हिस्सेदारी

जहां एक ओर विदेशी निवेशक बाहर निकल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने इस मौके का फायदा उठाते हुए निवेश बढ़ाया है। म्यूचुअल फंड्स ने लगातार पांचवीं तिमाही बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाते हुए इसे 26.66% से बढ़ाकर 29.54% कर दिया। इस दौरान उन्होंने करीब ₹28,293 करोड़ के शेयर खरीदे।

इसके अलावा, प्रोविडेंट फंड्स ने ₹2,239 करोड़ और बीमा कंपनियों ने करीब ₹256 करोड़ का HDFC बैंक में निवेश किया। हालांकि, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने इस दौरान बैंक के करीब ₹969 करोड़ के शेयर बेच दिए।

गिरावट के पीछे कई वजहें

HDFC बैंक के शेयर में आई इस बड़ी गिरावट के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। सबसे बड़ा झटका तब लगा जब बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने अचानक इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे में “कुछ घटनाओं और प्रक्रियाओं” का जिक्र किया, जो उनके मूल्यों के मुताबिक नहीं थीं। इस घटना ने कॉर्पोरेट गवर्नेंस को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।

मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) भी इस इस्तीफे से जुड़े पहलुओं की समीक्षा कर रहा है, जिससे इस मामले को और गंभीर बना दिया है।

मैनेजमेंट और नियामकीय चुनौतियां

बैंक को पिछले कुछ सालों में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। अक्टूबर 2020 के बाद से टॉप मैनेजमेंट में बदलाव, RBI की ओर से क्रेडिट कार्ड बिजनेस पर लगाई गई पाबंदियां और HDFC Ltd के साथ मर्जर जैसी घटनाओं ने बैंक की ग्रोथ और मार्जिन पर असर डाला है।

इसके अलावा, बैंक के हाई लोन-टू-डिपॉजिट रेश्यो, रिटेल लोन ग्रोथ में सुस्ती और बॉन्ड सेल्स से जुड़े कथित मिस-सेलिंग मामलों ने भी निवेशकों के भरोसे को कमजोर किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैंक ने AT1 बॉन्ड की गलत बिक्री के आरोपों में कुछ सीनियर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की है।

जेफरीज ने घटाया HDFC बैंक का वेटेज

इन तमाम घटनाओं के बीच ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज (Jefferies) ने भी अपने मॉडल पोर्टफोलियो में बदलाव किया है। कंपनी ने अपने एशिया (जापान को छोड़कर) और ग्लोबल पोर्टफोलियो से HDFC बैंक के शेयरों में हिस्सेदारी घटा दी है और इसे अपनी निवेश सूची से हटा दिया है।

यह भी पढ़ें- 'बाजार का सबसे बुरा दौर शायद बीत गया', क्वांट म्यूचुअल फंड ने कहा- ये सस्ते में शेयर खरीदने का मौका

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।