Jefferies on HDFC Bank : ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफ़रीज़ ने भारत के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक पर 'buy' रेटिंग बनाए रखते हुए कहा है कि इसके मार्जिन में सुधार रिटर्न ऑन एसेट (RoA) में बढ़त और स्टॉक के री-रेटिंग के लिए महत्वपूर्ण होगा। ब्रोकरेज फर्म ने HDFC Bank के लिए प्रति शेयर 1,800 रुपये का लक्ष्य मूल्य निर्धारित किया है। ये मौजूदा स्तरों से 20 फीसकी की बढ़ोतरी का संकेत देता है।
इस साल अब तक, इस प्राइवेट बैंक के स्टॉक में 12 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है। इसी अवधि में निफ्टी में 2.4 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। इससे पहले, तीसरी तिमाही के कमजोर नतीजों के कारण एचडीएफसी बैंक के शेयर 14 फरवरी, 2024 को 52-सप्ताह के निचले स्तर 1,363 रुपये पर पहुंच गए थे।
जेफरीज के विश्लेषकों का मानना है कि अगले पांच सालों में एचडीएफसी बैंक की क्रेडिट ग्रोथ और डिपॉजिट दोनों में बढ़त देखने को मिलेगा। ब्रोकरेज का कहना है कि इसके मार्जिन में होने वाला सुधार रिटर्न ऑन एसेट (RoA) में बढ़त और स्टॉक के री-रेटिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मार्च में समाप्त हुई तिमाही में, एचडीएफसी बैंक का डिपॉजिट तिमाही आधार पर 7.5 फीसदी बढ़कर 23.8 लाख करोड़ रुपये पर रहा। जबकि ग्रॉस लोन तिमाही आधार पर 1.6 फीसदी बढ़कर 25.08 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके चलते बैंक का CASA रेशियो 37.7 से बढ़कर 38.2 फीसदी हो गया।
मैक्वेरी ने भी दी 'buy' रेटिंग
इससे पहले, मैक्वेरी के विश्लेषकों ने भी एचडीएफसी बैंक पर 2,000 रुपये प्रति शेयर के लक्ष्य मूल्य के साथ 'buy' रेटिंग देते हुए कहा था कि मजबूत Q4 बिजनेस अपडेट से संकेत मिलता है कि बैंक की कंसोलीडेशन रणनीति अच्छी तरह से चल रही है। मैक्वेरी का ये भी कहना है कि एचडीएफसी बैंक का वैल्यूएशन आकर्षक बना हुआ है। यह समय इस स्टॉक को अपने पोर्टफोलियो में जोड़ने के लिए सही नजर आ रहा है।
एचएसबीसी की भी है स्टॉक में खरीदारी की सलाह
एचएसबीसी ने भी स्टॉक को 1,750 रुपये प्रति शेयर के लक्ष्य मूल्य के साथ 'खरीदने' की सलाह दी है। एचएसबीसी का मानना है कि बैंक का डिपॉजिट मार्च तिमाही में बाजार अनुमान 12-13 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा है। यह एक अच्छा संकेत है।
एचडीएफसी बैंक 20 अप्रैल को चौथी तिमाही के नतीजे जारी करेगा। बाजार की नजर बैंक के कारोबार की ग्रोथ, मार्जिन में सुधार पर प्रबंधन की टिप्पणियों पर रहेगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।