HDFC Bank Shares: एचडीएफसी बैंक के शेयर आज 3.5 फीसदी की उछाल के साथ 1,794 रुपये के अपने नए ऑलटाइम हाई पर पहुंच गए। बैंक के शेयरों में यह तेजी उसके जून तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न सामने के बाद आई है। इससे पहले मंगलवार 2 जुलाई को अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध इसके अमेरिकन डिपॉजिटर रिसिप्ट्स के भाव भी रातोंरात 4 फीसदी बढ़कर 66.9 डॉलर पर पहुंच गए थे। बैंक के शेयरहोल्डिंग पैटर्न से पता चलता है कि इसमें विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी जून तिमाही में घटकर 55 फीसदी के नीचे आ गई है। एनालिस्ट्स का कहना है कि विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी घटना बैंक के स्टॉक के लिए एक अच्छी खबर है क्योंकि इससे MSCI स्टैंडर्ड इंडेक्स में इसके स्टॉक का वेटेज के लगभग दोगुना होने की संभावना काफी बढ़ गई है।
HDFC बैंक, भारत का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक है। पिछले तीन महीनों में इसके शेयरों में करीब 16 फीसदी की तेजी आई है, जो बेंचमार्क निफ्टी इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन है। निफ्टी इंडेक्स इस दौरान सिर्फ 7 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि 2024 में अबतक बैंक के शेयर में महज 1.7 प्रतिशत की तेजी आई है, जिसे खराब प्रदर्शन कहा जा सकता है।
BSE पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, जून तिमाही के अंत में बैंक में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की हिस्सेदारी 54.8 प्रतिशत थी। चूंकि FII की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत से नीचे हैं, ऐसे में अगस्त 2024 में MSCI इंडेक्स के रिबैलेंस के बाद इसमें पैसिव म्यूचुअल फंडों की ओर से निवेश आने का रास्ता साफ हो जाता है।
नए आकड़े से स्टॉक में विदेशी निवेश की जगह 25 प्रतिशत से अधिक बढ़ जाती है, जो MSCI इंडेक्स के लिए किसी स्टॉक को उसके फुल मार्केट-कैप वेट के साथ शामिल करने के लिए एक जरूरी शर्त है। एनालिस्ट्स का अनुमान है कि MSCI इंडेक्स में वेटेज बढ़ने के बाद HDFC बैंक के स्टॉक में करीब 6.5 अरब डॉलर (करीब 54,300 करोड़ रुपये) तक का निवेश आ सकता है।
UBS ने कहा कि स्टॉक में 3 से 6.5 अरब डॉलर तक की खरीदारी हो सकती है, जो स्टॉक में आई हालिया तेजी के संभावित कारणों में से एक है। ब्रोकरेज ने HDFC बैंक पर 'Buy' रेटिंग बनाए रखी है और इसे 1,900 रुपये प्रति शेयर का टारगेट दिया है। वहीं जेफरीज ने शेयर को 1,880 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'Buy' रेटिंग दिया है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।