AC Stocks: देश के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी और हीटवेट की चेतावनी के चलते एयर कंडीशनर (AC) बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी जा रही है। वोल्टास, ब्लू स्टार, हैवेल्स इंडिया और LG इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स कंपनियों के शेयर आज 11 मार्च तो कारोबार के दौरान 5 प्रतिशत तक उछल गए। एनालिस्ट्स का मानना है कि तापमान में तेज बढ़ोतरी के कारण एयर कंडीशनर की मांग बढ़ने की उम्मीद है, जिससे इस सेक्टर की कंपनियों के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है।
Blue Star ने लॉन्च की नई AC रेंज
इस बीच ब्लू स्टार ने बुधवार 10 मार्च को बताया कि कंपनी ने इस गर्मी के मौसम के लिए रूम एयर कंडीशनर की एक नई सीरीज लॉन्च की है। कंपनी ने कहा कि उसके पोर्टफोलियो में अब रूम एयर-कंडीशनर के 125 मॉडल शामिल हैं, जिनमें एक प्रीमियम फ्लैगशिप मॉडल भी शामिल हैं।
Blue Star के मैनेजिंग डायरेक्टर बी थियागराजन के मुताबिक, भारत में कूलिंग की मांग तेजी से बढ़ने के चरण में है। उनका कहना है कि देश में जनसांख्यिकीय बदलाव और कंज्मप्शन के पैटर्न में बदलाव के कारण भविष्य में लगभग 15 करोड़ घर ऐसे होंगे जो एयर कंडीशनर खरीदने में सक्षम होंगे। इससे इस सेक्टर में लॉन्गटर्म ग्रोथ की बड़ी संभावनाएं दिखाई देती हैं।
कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार
देश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। गुजरात के राजकोट और सुरेंद्रनगर में इस सप्ताह तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा।
मौसम में इस तेज बदलाव से कूलिंग उपकरणों की मांग बढ़ने की उम्मीद है, जिससे एयर कंडीशनर बनाने वाली कंपनियों के कारोबार को फायदा मिल सकता है।
इस बीच खबर यह भी है कि वोल्टास, ब्लू स्टार, LG सहित कई AC कंपनियों ने कच्चे माल की लागत बढ़ने के कारण अपने उत्पादों की कीमतों में 5 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है।
कॉपर जैसी धातुओं की ऊंची कीमतें, कमजोर रुपया, बढ़ी हुई माल ढुलाई लागत और नए एनर्जी एफिशियंट मानकों के कारण कंपनियों की लागत बढ़ गई है, जिसे कंपनियां ग्राहकों तक पास कर रही हैं।
सुबह करीब 11 बजे LG इलेक्ट्रॉनिक्स, PG इलेक्ट्रोप्लास्ट, वोल्टास और ब्लू स्टार के शेयर 2.5 प्रतिशत से 4.3 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। हालांकि अंबर एंटरप्राइजेज का शेयर लगभग 1.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।