Hero MotoCorp share Price: हीरो मोटोकॉर्प का शेयर 6 मई को मजबूत खुला। लेकिन, कुछ घंटे बाद इसने पूरी बढ़त गंवा दी। 1:17 बजे यह 0.52 फीसदी गिरकर 5,082 रुपये पर चल रहा था। कंपनी ने 5 मई को मार्च तिमाही के नतीजों का एलान किया था। इस दौरान कंपनी का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। इससे सुबह में शेयर मजबूत खुले।
मैनेजमेंट की कमेंट्री के बाद गिरा शेयर
हीरो मोटोकॉर्प के शेयर के लाल निशान में आने की वजह मैनेजमेंट की कमेंट्री है। मैनेजमेंट ने कहा है कि कमोडिटी की बढ़ती कीमतों की वजह से शॉर्ट टर्म में मार्जिन पर असर पड़ सकता है। हालांकि, मार्च तिमाही में कंपनी के रेवेन्यू और प्रॉफिट की ग्रोथ काफी अच्छी रही।
सुबह 3.3 फीसदी तक चढ़ा था शेयर
सुबह में हीरो मोटोकॉर्प का शेयर 3.3 फीसदी तक चढ़ गया था। लेकिन, अर्निंग्स कॉल के बाद शेयरों ने बढ़त गंवा दी। शेयर दिन के अपने हाई से करीब 4.4 फीसदी गिरा है। मार्च तिमाही में कंपनी का स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 30 फीसदी बढ़कर 1,401 करोड़ रुपये रहा। इसमें अच्छी वॉल्यूम ग्रोथ का बड़ा हाथ है।
जेफरीज ने दिया 5000 रुपये का टारगेट प्राइस
ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने हीरो मोटोकॉर्प के शेयर पर अपनी 'अंडरपरफॉर्म' रेटिंग बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 5,000 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। उसने कहा है कि कंपनी के EBITDA और प्रॉफिट की ग्रोथ साल दर साल आधार पर करीब 30 फीसदी रही। इसमें वॉल्यूम में 24 फीसदी और तिमाही दर तिमाही आधार पर एवरेज सेलिंग प्राइस में 3 फीसदी उछाल का हाथ है।
मध्यपूर्व में लड़ाई से कमोडिटी की कीमतों में उछाल
कंपनी के मैनेजमेंट ने रिजल्ट के बाद बताया कि मध्यपूर्व में तनाव की वजह से कमोडिटी की कीमतें बढ़ी हैं। इनपुट कॉस्ट इनफ्लेशन हाई सिंगल डिजिट में बना हुआ है। कंपनी ने यह भी कहा है कि चौथी तिमाही में प्रति यूनिट कमोडिटी कॉस्ट करीब 2000 रुपये बढ़ी है। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि वह प्रॉफिट गिरने से बचाने के लिए जरूरी कदम उठा रही है। बीते एक साल में हीरो मोटोकॉर्प का शेयर करीब 32 चढ़ा है।
6 मई को शेयर बाजार में जबर्दस्त उतार-चढ़ाव
6 मई को शेयर बाजार में भी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह में बाजार अच्छी तेजी के साथ खुले। फिर 1 बजे तक सूचकांक लाल निशान में आ गए। उसके बाद सेंसेक्स और निफ्टी में रिकवरी आई। 1:32 बजे निफ्टी 0.23 फीसदी यानी 59 अंक चढ़कर 24,089 अंक पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.07 फीसदी यानी 53 के उछाल के साथ 77,067 पर चल रहा था।