Hindustan Zinc के शेयरों में आज बुधवार को लगभग 9 फीसदी की बड़ी गिरावट आई है। यह शेयर आज NSE पर 299.35 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ है। दरअसल, कंपनी ने आज स्टॉक मार्केट में एक्स-डिविडेंड के रूप में ट्रेड किया है। बता दें कि कंपनी ने कुछ दिनों पहले ही वित्त वर्ष 2022-23 में चौथी बार अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया था। कंपनी के बोर्ड ने प्रति शेयर 26 रुपये के डिविडेंड को मंजूरी दी, जो कि 10,985.8 करोड़ रुपये के कुल भुगतान के बराबर है। लेकिन फिर भी कंपनी के शेयर आज 9 फीसदी टूट गए।
कंपनी ने 21 मार्च को रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा था, "हमने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 26 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के चौथे अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है। निवेशकों को 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयरों पर 1300 फीसदी का डिविडेंड दिया जाएगा। जिसकी राशि 10,985.83 करोड़ रुपये है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 29 मार्च 2023 तय किया गया है।"
क्या होता है एक्स डिविडेंड डेट
एक्स-डिविडेंड डेट वह दिन है जब स्टॉक अपने अगले डिविडेंड पेमेंट के मूल्य के बिना ट्रेड करना शुरू करता है, जो आमतौर पर रिकॉर्ड डेट से एक दिन पहले होता है। इसका मतलब यह है कि वे निवेशक जो एक्स-डिविडेंड डेट या इसके बाद में स्टॉक खरीदते हैं, घोषित डिविडेंड प्राप्त करने के हकदार नहीं होंगे। केवल वे निवेशक जो एक्स डिविडेंड डेट से एक दिन पहले स्टॉक के मालिक हैं, घोषित डिविडेंड के लिए पात्र हैं।
कंपनी ने जारी किया रिकॉर्ड डिविडेंड
अपने चौथे डिविडेंड पेमेंट के साथ हिंदुस्तान जिंक ने FY23 में 32,000 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे अधिक डिविडेंड घोषित किया है। कंपनी ने FY22 में कुल 18 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड जारी किया था, जो कि 7,606 करोड़ रुपये के बराबर है। वहीं, FY21 में कुल 21.30 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड जारी किया गया था, जो कि 9,000 करोड़ रुपये के बराबर है।