Adani Enterprises का शेयर 5% की तेजी के साथ रिकॉर्ड हाई पर, एक महीने में दिया 27% रिटर्न

इसी महीने की शुरुआत में, इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी ने प्रिफरेंशियल अलॉटमेंट रूट के जरिए अडानी ग्रुप की तीन कंपनियों अडानी ग्रीन एनर्जी, अडानी ट्रांसमिशन और अडानी एंटरप्राइजेस में 2 अरब डॉलर के निवेश पर सहमति जाहिर की थी

अपडेटेड Apr 21, 2022 पर 4:43 PM
अडानी ग्रुप (Adani Group) के चीफ गौतम अडानी (Gautam Adani) ने कहा कि ग्रुप अगले एक दशक में पश्चिम बंगाल में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए प्रतिबद्ध है

Adani Enterprises Shares : गुरुवार को इंट्राडे ट्रेड के दौरान अडानी एंटरप्राइजेस का शेयर 5 फीसदी की तेजी के साथ 2,293.55 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में 4.70 फीसदी बढ़कर 2,286.55 रुपये पर बंद हुआ। इसके साथ ही शेयर अपने 19 अप्रैल, 2022 के पिछले रिकॉर्ड हाई 2,255 रुपये के स्तर से ऊपर निकल गया।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी ग्रुप (Adani Group) के चीफ गौतम अडानी (Gautam Adani) ने बुधवार को कहा कि ग्रुप अगले एक दशक में पश्चिम बंगाल में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए प्रतिबद्ध है।

अडानी ग्रुप की कंपनियों को मिला 2 अरब डॉलर का निवेश


बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसी महीने की शुरुआत में, इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी ने प्रिफरेंशियल अलॉटमेंट रूट के जरिए अडानी ग्रुप की तीन कंपनियों – अडानी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy), अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) और अडानी एंटरप्राइजेस (Adani Enterprises) में 2 अरब डॉलर के निवेश पर सहमति जाहिर की थी। इस पूंजी को विभिन्न बिजनेस की ग्रोथ, बैलेंसशीट को मजबूत बनाने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

इस स्पेशियलिटी केमिकल स्टॉक पर मोतीलाल ओसवाल को है भरोसा, करा सकता है बंपर कमाई

अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेस ने कहा कि वह कुल 7,700 करोड़ रुपये में 1,915.85 रुपये प्रति शेयर की लागत से 40.2 लाख शेयर अलॉट करेगी। उसके रणनीतिक बिजनेस इनवेस्टमेंट में मुख्य रूप से एयरपोर्ट, सड़कों, डाटा सेंटर और वाटर इंफ्रास्ट्रक्चर पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिनकी वैल्यू बढ़ने की खासी संभावनाएं हैं।

अडानी एंटरप्राइजेस ने दिया एक महीने में 27 फीसदी रिटर्न

पिछले एक महीने में, इस स्टॉक ने लगभग 27 फीसदी का रिटर्न दिया है, जो बाजार की तुलना में खासा अच्छा प्रदर्शन है। इससे पहले केयर रेटिंग्स ने अडानी एंटरप्राइजेस के इंस्ट्रुमेंट्स की क्रेडिट रेटिंग संशोधित और अपग्रेड की थी।

Stock Split की खबर से 7% उछल गया इस इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी का शेयर, अब क्या करें निवेशक?

केयर रेटिंग्स ने 21 मार्च, 2022 की अपनी रिपोर्ट में कहा था, “अडानी ग्रुप के वित्तीय लचीलेपन में मजबूती को ध्यान में रखते हुए अडानी एंटरप्राइजेस के मार्केट लिंक्ड डिबेंचर (एमएलडी) इश्यू, नॉन कन्वर्टिबल डिबेंचर (एनसीडी) इश्यू और बैंक फैसिलिटीज को दी गई रेटिंग में संशोधन किया गया है।”

रेटिंग में वित्त वर्ष 22 के शुरुआती नौ महीनों में एयरपोर्ट सेगमेंट में रिकवरी को शामिल किया गया है। इस दौरान इस वर्टिकल ने 1,681 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और अच्छा प्रॉफिट दर्ज किया था। केयर रेटिंग्स को उम्मीद है कि जून, 2022 तक घरेलू ट्रैफिक में और वित्त वर्ष 23 में अंतर्राष्ट्रीय ट्रैफिक में पूरी रिकवरी देखने को मिलेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।