Adani Green Energy : अडानी ग्रीन एनर्जी (AGEL) के शेयर शुक्रवार, 30 सितंबर को एनएसई पर इंट्राडे में लगभग 20 फीसदी की तगड़ी रैली के साथ 2,405 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। खास बात यह रही कि अडानी ग्रुप के इस शेयर में हेवी वॉल्यूम के साथ यह तेजी देखने को मिली।
हालांकि, बाद में तेजी कुछ सीमित हो गई और दोपहर 3.20 बजे शेयर 12.40 फीसदी मजबूत होकर 2,254 रुपये पर बना हुआ है। एनएसई और बीएसई पर शेयर का औसत ट्रेडिंग वॉल्यूम दोगुने से ज्यादा होकर 61 लाख शेयरों तक पहुंच गया।
लेकिन एक महीने में कमजोर रहा है प्रदर्शन
हालांकि, आज की रैली के बावजूद Adani Green Energy ने पिछले एक महीने में बाजार की तुलना में कमजोर प्रदर्शन किया है। इस अवधि में शेयर 7 फीसदी टूटा है, जबकि Nifty 50 में 4 फीसदी की गिरावट रही है। स्टॉक ने 19 अप्रैल, 2022 को अपना रिकॉर्ड हाई छूआ था।
Adani Green Energy की प्रमोटर कंपनियों में से एक Spitze Trade and Investment Limited ने 935 करोड़ रुपये में कंपनी के कुल 40 लाख इक्विटी शेयर खरीदे, जो कंपनी की 0.25 फीसदी इक्विटी के बराबर हैं। एक्सचेंज से मिले डाटा के मुताबिक, कंपनी ने 15 से 26 सितंबर के बीच बाजार से ये सौदे किए हैं।
जैसलमेर में शुरू किया बड़ा सोलर प्लांट
वहीं, AGEL ने गुरुवार को जैसलमेर, राजस्थान में 600 मेगावाट का दुनिया का सबसे बड़ा को-लोकेटेड विंड सोलर हाइब्रिड पावर प्लांट स्थापित कर दिया। इस प्लांट के लिए कंपनी 25 साल के लिए 2.69 रुपये प्रति केडब्ल्यूएच पर सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (SECI) के साथ पावर परचेज एग्रीमेंट कर चुकी है।
AGEL के पास ऑपरेटिंग, अंडर कंस्ट्रक्शन और अवार्डेड एसेट्स सहित कुल 20.4 जीडब्ल्यू के कुल पोर्टफोलियो के साथ सबसे बड़े वैश्विक रिन्युएबिल पोर्टफोलियो में से एक है। कंपनी ग्रिड कनेक्टेड सोलर, विंड फार्म और हाइब्रिड प्लांट का विकास, परिचालन करती है और ओनरशिप रखती है। एईजीएल के कस्टमर्स में National Thermal Power Corporation (NTPC) और विभिन्न राज्यों की Discoms शामिल हैं।