Avenue Supermarts stock : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर में 7 फीसदी तक की मजबूती बनी हुई है। शेयर ने आंशिक रूप से पिछले सप्ताह रही 12 फीसदी की गिरावट को रिकवर किया है। वास्तव में डीमार्ट चेन (DMart chain) नाम से रिटेल स्टोर चलाने वाली कंपनी के शेयर काफी ऊंचे स्तरों से नीचे आए हैं। शेयर अपने 5,900 रुपये के 52 हफ्ते के हाई से 40 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है, जो उसने एनएसई पर 18 अक्टूबर को छूआ था।
मार्च तिमाही में 3 फीसदी बढ़ा प्रॉफिट
डी-मार्ट हाल में मार्च, 2022 में समाप्त तिमाही के नतीजे जारी किए थे। इस तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 3.11 फीसदी बढ़कर 426.75 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एक साल पहले जनवरी-मार्च तिमाही में 413.87 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट रहा था।
तिमाही के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 17.88 फीसदी बढ़कर 8,606 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, इस दौरान डीमार्ट का ग्रॉस मार्जिन 5 बेसिस प्वाइंट घटकर 14.3 फीसदी रह गया। हालांकि प्रति स्टोर रेवेन्यू कुछ कम रहा है।
ब्रोकरेज हाउसेज ने अपग्रेड की रेटिंग
लाइवमिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की कम वैल्यूएशन के चलते कुछ एनालिस्ट्स ने स्टॉक्स के लिए अपनी रेटिंग अपग्रेड की है। उदाहरण के लिए, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने डीमार्ट के स्टॉक पर अपनी रेटिंग को ‘सेल’ से बदलकर ‘बाई’ कर दिया है। 15 मई के अपने नोट में ब्रोकिंग फर्म ने कहा, “बाजार में गिरावट (संभावित रूप से कुछ टेक्निकल फैक्टर्स के चलते) इसे फिलहाल किसी भी कीमत पर खरीदना सही लगता है।”
जेएम फाइनेंशियल ने दो साल बाद बदली रेटिंग
उधर, जेएम फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन सिक्योरिटीज ने डीमार्ट के लिए अपनी रेटिंग में सुधार करके होल्ड से ‘बाई’ कर दी है। ब्रोकरेज ने हाल की बड़ी गिरावट का फायदा उठाने के लिए दो साल बाद रेटिंग में बदलाव किया है। हालांकि, जेएम फाइनेंशियल के एनालिस्ट्स ने कहा, “मार्च तिमाही में प्रति स्टोर औसत रेवेन्यू सिर्फ 2 फीसदी बढ़ा है। हालांकि वित्त वर्ष 17-20 के दौरान प्रति स्टोर रेवेन्यू में औसतन 8.8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।”
ब्रोकरेज के मुताबिक, आगे कोविड लहर की कम संभावनाओं को देखते हुए सेल्स में तेज बढ़ोतरी में सहायता मिलेगी। इसके अलावा डीमार्ट का ईकॉमर्स बिजनेस धीरे-धीरे बढ़ रहा है और यह अब 12 शहरों में मौजूद है। ब्रोकरेज ने कहा कि ई-कॉमर्स में उम्मीद से सुस्त विकास डीमार्ट के स्टॉक के लिए एक रिस्क होगा, क्योंकि आगे प्रतिस्पर्धा बढ़ने जा रही है।