रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ (DLF) के शेयर में 25 फरवरी को इंट्राडे में करीब 10 फीसदी की तेजी देखने को मिली। ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस CLSA ने इस स्टॉक की रेटिंग को बढ़ाकर 'buy' कर दिया है। कंपनी के मजबूत प्री-सेल आंकड़ों और एक दशक के सबसे मजबूत ऑपरेशनल प्रदर्शन को देखते हुए सीएलएसए ने इसकी रेटिंग 'outperform'से बदलकर 'buy'कर दी है।
हालांकि सीएलएसए ने इस स्टॉक का टार्गेट प्राइस 470 रुपये से घटाकर 423 रुपये कर दिया है। सीएलएसए का कहना है कि वर्तमान लेवलों से इस स्टॉक में 32 फीसदी की तेजी की संभावनाएं है। इसके अलावा सीएलएसए ने कंपनी के वित्त वर्ष के 2023-24 के रेवेन्यू अनुमान में भी 2 फीसदी और 5 फीसदी की कटौती कर दी है। इसी तरह इस अवधि के मुनाफे के अनुमान में भी 1 और 3 फीसदी की कटौती की है।
1 महीने से कुछ ज्यादा की अवधि में यह स्टॉक अक्टूबर 2021 के अपने 52 वीक हाई से 29 फीसदी से ज्यादा टूटा है। सीएलएसए ने अपने रिपोर्ट में कहा है कि रियल एस्टेट कंपनियों का प्रदर्शन पिछले 1 दशक में इस समय सबसे बेहतर नजर आ रहा है।
इस समय रियल एस्टेट कंपनियों के कैश फ्लो में जोरदार बढ़ोतरी दिख रही है और लिवरेज से जुड़ी कोई चिंता भी नहीं है। दिसंबर 2021 को समाप्त तिमाही में residential बिजनेस में कंपनी का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा था। इस अवधि में कंपनी की न्यू सेल वैल्यू 2,018 करोड़ रुपये थी जो कि 1 साल में करीब दोगुना हो गई । वित्त वर्ष 2022 के 9 महीने में कंपनी की कुल सेल्स बुकिंग 4,544 करोड़ रुपये रही है।
दिसंबर तिमाही के दौरान कंपनी के खाते में 764 करोड़ रुपये का सरप्लस कैश जनरेशन देखने को मिला है। जिसके चलते कंपनी को अपने कर्ज को घटाने में सहायता मिली है। एक और ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल ने इस स्टॉक पर न्यूट्रल रेटिंग बनाए रखते हुए 450 रुपये का टार्गेट दिया है।