होटल ऑपरेटर्स, मल्टीप्लेक्स और टूरिज्म कंपनियों को पिछले 2 साल के दौरान भारी मार सहनी पड़ी है लेकिन कोरोना के मामले में गिरावट और इसके कारण लगाए गए तमाम प्रतिबंधों के हटने के साथ ही अब एक बार फिर से हॉटेल और मल्टीप्लेक्स शेयरों में गहमागहमी लौटती दिख रही है। निवेशकों का मनना है कि इंटरनेशनल उड़ानों के सामान्य होने , लंबे वीकेंड , आईपीएल सीजन और ऑफिसों के खुलने के साथ ही होटल और मल्टीप्लेक्स शेयरों में रिबाउंड देखने को मिलेगा।
हॉस्पिटैलिटी शेयर Wonderla Holidays और Imagicaworld Entertainment में इस साल के शुरुआत से अब तक 18 और 47 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। 1 मार्च तक यह दोनों शेयर 12 फीसदी और 31 फीसदी चढ़े थे।
इस साल जनवरी से अब तक होटल शेयर Chalet Hotel में 44 फीसदी, Royal Orchid में 74 फीसदी , TajGVK Hotels में 41 फीसदी, EIH Associates में 46 फीसदी और Indian Hotels में 41 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। वहीं मार्च के शुरुआत से अब तक सभी होटल शेयरों में 20 -56 फीसदी कीतेजी देखने को मिली है।
इसी तरह टूर ऑपरेटर Thomas Cook India Ltd और ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी Easy Trip Planners के शेयरों में मार्च से अब तक 45 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। वहीं इस साल अब तक यह शेयर करीब 50 फीसदी भागे हैं। इसी तरह मल्टीप्लेक्स स्टॉक PVR और Inox Leisure मार्च से अब तक 17 फीसदी और 24 फीसदी चढ़े हैं। जबकि इस साल अब तक इन शेयरों में 47 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
एनालिस्ट का मानना है कि कोविड -19 के कारण लागू प्रतिबंधों के हटने के साथ ही देश में अधिकांश ऑफिस खुल गए हैं। बिजनेस ट्रैवल एक बार फिर से शुरु हो गया है। इसके अलावा आईपीएल का वर्तमान सीजन और लंबी छुट्टियों के कारण होटल, ट्रैवल और मल्टीप्लेक्स शेयरों के लिए काफी उम्मीदें नजर आ रही हैं। उम्मीद है कि मार्च तिमाही के नतीजों से इनकी दशा और दिशा का ठीक से अनुमान लगाया जा सकेगा। जिसके चलते बाजार की नजरें इन कंपनियों के चौथी तिमाही के नतीजों पर लगी हुई हैं।
Edelweiss Securities के निहाल झाम (Nihal Jham) का कहना है कि कोविड वायरस की वजह से मार खाए होटल और दूसरी इंडस्ट्रीज के लिए स्थितियां अब बेहतर होती नजर आ रही हैं। आईपीएल की वजह से मुंबई में होटलों के भाव में मजबूती देखने को मिल रही है। पूरे देश में बिजनेस ट्रैवल में जोरदार रिकवरी आती दिखी है। इसके अलावा लेजर ट्रैवल में भी तेजी आ रही है। ये सारी चीजें होटल सेक्टर के लिए एक अच्छा संकेत हैं।