वीकली एक्सपायरी के दिन बाजार में रौनक दिख रही है। आज गैप अप के बाद निफ्टी 17750 के ऊपर टिका है जबकि बैंक निफ्टी में आज ज्यादा तेजी नजर आई और ये 40000 के पार निकला। वहीं मिडकैप में भी अच्छी खरीदारी नजर आई। कुल मिलाकर बाजार में आज चौतरफा खरीदारी का मूड दिखाई दिया। इसके बावजदू दो सरकारी कंपनियों MMTC और STC में कमजोरी देखने को मिली।
आज सरकारी कंपनी मेटल एंड मिनरल्स ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (Metals and Minerals Trading Corporation of India (MMTC) का स्टॉक 7 प्रतिशत से ज्यादा फिसल गया। आज MMTC का स्टॉक दोपहर 2.47 बजे 7.41 प्रतिशत या 3.10 रुपये गिरकर 38.75 रुपये के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
वहीं दूसरी सरकारी कंपनी स्टेट ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (State Trading Corporation of India Ltd (STC) के शेयरों में भी गिराट देखने को मिली। आज STC का शेयर 5 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गया। आज दोपहर 2.48 बजे STC का स्टॉक 5.65 प्रतिशत या 5.45 रुपये गिरकर 90.95 रुपये के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
क्या रही दोनों स्टॉक्स में गिरावट की वजह
दरअसल सरकारी की MMTC और STC को बंद करने की तैयारी कर रही है। जिसके बाद दोनों कंपनियां एक्सपोर्ट-इंपोर्ट की सरकारी एजेंसी नहीं रहेंगी। हमारे सहयोगी चैनल CNBC-आवाज़ द्वारा दोनों कंपनियों को बंद करने की EXCLUSIVE खबर चलाने के बाद से STC के शेयर और MMTC के शेयर में गिरावट देखने को मिली।
सीएनबीसी-आवाज़ के लक्ष्मण रॉय ने सूत्रों के हवाले से कहा कि सरकार MMTC को बंद करने पर विचार कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार नई PSE पॉलिसी के तहत MMTC को बंद कर सकती है। इसके साथ ही सरकार ने STC और PEC को भी बंद करने का मन बना लिया है।
उन्होंने सूत्रों के हवाले से आगे कहा कि MMTC, STC और PEC तीनों सरकार की तरफ से कनैलाइजिंग एजेंसी हुआ करती थीं। जिसके तहत ये ये कंपनी प्रेशियस मेटल, आयरन ओर का इंपोर्ट-एक्सपोर्ट करती है। लेकिन कल रात सरकार ने सभी विभागों को मेमोरेंडम भेजकर कहा है कि इन तीनों कंपनियों से कनैलाइजिंग एजेंसी का दर्जा खत्म किया जा रहा है।
इसकी वजह से अब ये तीनों MMTC, STC और PEC कंपनियां सरकारी कंपनियों के लिए इंपोर्ट-एक्सपोर्ट नहीं कर पाएगी। फिलहाल इन कंपनियों की माली हालत भी ठीक नहीं है लिहाजा अब लगता है कि सरकार ने इन कंपनियों का बंद करने की तरफ अपना कदम बढ़ा दिया है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)