महानगर टेलिफोन निगम लिमिडेट (MTNL) के शेयर आज अपने 7 साल के शिखर पर पहुंच गए । सुबह के कारोबारी सत्र में इस स्टॉक में 10 फीसदी की अपरसर्किट लगता नजर आया। पिछले 1 महीने से ही MTNL के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। पिछले 1 महीने में यह शेयर 18 रुपये से बढ़कर 38.45 रुपये पर आ गया है। इस अवधि में इस शेयर में 120 फीसदी की तेजी आई है। हालांकि बाजार दिग्गजों का कहना है कि इस शेयर में अभी और तेजी आएगी क्योंकि इस तरह की अटकलें है कि कंपनी फंड जुटाने के लिए अपने एसेट्स को बेचने की योजना पर काम कर रही है।
Profitmart Securities के अविनाश गोरक्षकर का कहना है कि बाजार में इस तरह की अटकलें है कि MTNL अपनी एसेट्स को बेचकर पैसे जुटाने की तैयारी कर रही है। इस खबर के चलते ही इस स्टॉक को पंख लगे हैं। खबरें यह भी है कि इस तरह से जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी के कर्ज को घटाने में किया जाएगा।
SMC Global Securities के सौरभ जैन का कहना है कि यह सरकारी टेलिकॉम कंपनी 18000 करोड़ रुपये के घाटे में है और वर्तमान में इसके ऊपर करीब 25 करोड़ रुपये का कर्ज है। सब मिलाकर कंपनी की कुल देनदारी करीब 45000 करोड़ रुपये की बनती है। अगर हम MTNL के मार्केट कैप पर नजर डालें तो यह करीब 2450 रुपये की है। उन्होंने आगे कहा कि कंपनी द्वारा अपनी संपत्तियों को बेचने की तैयारी के खबरों के चलते निवेशकों जोश भर गया है।
DIPAM की वेबसाइट पर अपलोड किए गए डाक्युमेंट के मुताबिक सरकार ने MTNL और BSNL की रियल एस्टेट एसेट्स को 970 करोड़ रुपये के रिजर्व प्राइस पर बेचने के लिए लिस्ट किया है। BSNL के चैयरमेन और मैनेजिंग डायरेक्टर P K Purwar ने पीटीआई से बात करते हुए कहा है कि यह MTNL और BSNL की एसेट को बेचने के लिए उठाया गया पहला कदम है। BSNL की 660 करोड़ रुपये और MTNL की 310 करोड़ रुपये के एसेट के लिए बोलियां मंगाई गई हैं। हम इस पूरी प्रक्रिया को डेढ़ महीने के अंदर पूरा कर लेना चाहते हैं।
MTNL के शेयरों पर बात करते हुए च्वाइंस ब्रोकिंग के सुमीत बगड़िया का कहना है कि MTNL के शेयरों ने 38 रुपये पर एक ब्रेकआउट दिया है और शॉर्ट टर्म में यह 50 रुपये तक जा सकता है। इस स्टॉक को वर्तमान लेवल पर खरीदा जा सकता है और 30 रुपये के स्टॉपलॉस के साथ 50 रुपये के लक्ष्य के लिए बने रहने की सलाह होगी।