Multibagger Steel Stocks : कुछ स्टील कंपनियों के शेयरों में पिछले दो साल के दौरान इतनी तगड़ी रैली दिखी है कि उनकी कीमत 8 गुनी तक हो गई है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में एनालिस्ट्स ने कहा कि दो शेयर टाटा स्टील (Tata Steel) और जिंदल स्टील एंड पावर (JSPL) आगे भी अच्छा रिटर्न दे सकते हैं, जिन्हें यूरोप से मिलने वाले निर्यात के अवसरों से खासी उम्मीदें हैं। हालांकि एनालिस्ट्स ने कहा कि कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी की चिंताएं बनी हुई हैं, जिसका बोझ स्टीलमेकर्स को कस्टमर्स को पास करने की जरूरत है।
जिंदल स्टील का शेयर दो साल में 8.4 गुना हुआ
जिंदल स्टील का शेयर अप्रैल, 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग 8.4 गुना चढ़ चुका है, वहीं टाटा स्टील (Tata Steel) में इस अवधि में 5.3 गुनी मजबूती आ चुकी है। 31 एनालिस्ट्स ने टाटा स्टील (Tata Steel) के लिए औसतन 23 फीसदी की संभावित मजबूती का टारगेट दिया है। वहीं जिंदल स्टील (JSPL) के लिए 574.71 रुपये का संभावित टारगेट है, जो मौजूदा प्राइस से सिर्फ 9 फीसदी ज्यादा है। हालांकि मोतीलाल ओसवाल ने अपनी हालिया रिपोर्ट में इस स्टॉक के लिए 605 रुपये का टारगेट दिया है।
अगले नौ महीने तक बनी रहेगी तेजी
सेंट्रम वेल्थ मैनेजमेंट के दिव्यांग मेहता ने बताया, “स्टील सेक्टर के शेयरों में अगले नौ महीनों तक तेजी बनी रहेगी। कोई नहीं जानता कि जंग किस दिशा में जा रही है। युद्ध से जुड़ी खबरों पर भारतीय बाजार ने प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया है, क्योंकि बाजार एक ही खबर पर दो बार प्रतिक्रिया नहीं देता है। अगले छह महीने से एक साल तक की अवधि में स्टील सेक्टर अच्छा प्रदर्शन कर सकता है।”
एक महीने में 50 फीसदी महंगी हुई स्टील
एडेलवीज सिक्योरिटीज ने कहा, विशेष रूप से यूरोप में स्टील की कीमतों में बढ़ोतरी जारी है, जो एनर्जी की लागत बढ़ने से महीना वार 50 फीसदी बढ़ चुकी हैं। दूसरी तरफ, चीन के तांगशान प्रांत में कोविड-19 के मामले बढ़ने से स्टील प्रोडक्शन को झटका लगा है। एडेलवीज ने कहा, “फेरस को लेकर हमारा रुख पॉजिटिव बना हुआ है। हमारा JSPL के लिए 637 रुपये और Tata Steel के लिए 1,695 रुपये का टारगेट बरकरार है, जो हमारे लिए इस सेक्टर में टॉप पिक्स भी हैं।”
आईआईएफएल ने Tata Steel के लिए 1,592 रुपये और JSPL के लिए 604 रुपये का टारगेट दे रखा है।
शुक्रवार को JSPL का शेयर 531 रुपये और Tata Steel 1,336 रुपये के आसपास बना हुआ है।