पीएसयू कंपनी नेशनल एल्यूमिनियम कंपनी लिमिडेट (NALCO) के शेयर दूसरे अंतरिम डिविडेंड के रिकॉर्ड डेट के पहले तेजी के साथ कारोबार करते नजर आ रहे हैं। बता दें कि कंपनी ने दूसरे अंतरिम डिविडेंड के भुगतान के लिए 18 फरवरी को रिकॉर्ड डेट निर्धारित किया है। यह अंतरिम डिविडेंड वित्त वर्ष 2021-22 के लिए होगा। आज यह शेयर बीएसई पर अपने निचले स्तरों से उछलकर 118 रुपये के आसपास चक्कर लगा रहा है।
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 3 रुपये प्रति शेयर यानी 5 रुपये फेस वैल्यू के प्रति शेयर पर 60 फीसदी अंतरिम लाभांश का एलान किया है। इस अंतरिम लाभांश का भुगतान 7 मार्च 2022 को या फिर उसके पहले किया जाएगा।
Nalco के शेयरों में क्या हो निवेश रणनीति? इसपर बात करते हुए Share India SecuritieS के रवि सिंह का कहना है कि Nalco में इसके वर्तमान लेवल से गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में अगर यह 112 रुपये या उसके आसपास मिलता है तो इस स्टॉक में किस्तों में खरीद करनी चाहिए। मध्यम अवधि में इस स्टॉक में 125-130 रुपये का स्तर देखने को मिल सकता है। वहीं लॉन्ग टर्म में यह 140 रुपये तक जाता नजर आ सकता है।
च्वाइस ब्रोकिंग के सुमीत बगड़िया की सलाह है कि इस स्टॉक को 100-105 रुपये पर अहम सपोर्ट है। इस स्टॉक में गिरावट पर खरीद की रणनीति अपनानी चाहिए। आगे इसमें 130 रुपये का टार्गेट हासिल होता नजर आ सकता है।
बतातें चलें कि दिसंबर तिमाही में कंपनी के नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 3 गुने से भी ज्यादा की बढ़ोतरी देखने को मिली है और यह पिछले साल की तीसरी तिमाही के 239 करोड़ रुपये से बढ़कर 830.67 करोड़ रुपये पर आ गया है जबकि इसी अवधि में कंपनी की आय 2,414 करोड़ रुपये से बढ़कर 3845 करोड़ रुपये पर आ गई है। पिछले 1 साल की अवधि में इस स्टॉक ने 135 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है जबकि 2022 में इसने अब तक 15 फीसदी का रिटर्न दिया है। Nalco एक सरकारी नवरत्न कंपनी है जो माइनिंग, मेटल और पावर सेक्टर में काम करती है।