Rakesh Jhunjhunwala portfolio stocks : वर्ष 2022 में शेयर बाजार में जारी गिरावट से दिग्गज इनवेस्टर राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) को भी तगड़ा झटका लगा है। उनके पोर्टफोलियो के टॉप 10 स्टॉक्स में से 8 ने अभी तक नुकसान पहुंचाया है। वहीं इनमें से चार शेयर बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) की 4.5 फीसदी की गिरावट को मात देने में कामयाब रहे हैं।
झुनझुनवाला के पास कम से कम तीन दर्जन शेयरों में 1 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी है। उनके पोर्टफोलियो के टॉप 10 शेयरों में उनकी हिस्सेदारी की वैल्यू 27,000 करोड़ रुपये है।
मेट्रो ब्रांड्स का शेयर 25 फीसदी मजबूत
झुनझुनवाला के टॉप 5 शेयरों में शामिल स्टार हैल्थ और मेट्रो ब्रांड्स (Metro Brands) 2021 की दिसंबर तिमाही में लिस्ट हुए थे। उनका तीसरा बड़ा दांव मेट्रो ब्रांड्स (Metro Brands) इस साल अभी तक 25 फीसदी चढ़ चुका है, वहीं उनका दूसरा बड़ा दांव स्टार हेल्थ (Star Health) इसी अवधि में लगभग 20 फीसदी कमजोर हो चुका है।
झुनझुनवाला की पत्नी रेखा के पास 31 दिसंबर तक मेट्रो ब्रांड्स की 14.43 फीसदी हिस्सेदारी है। दूसरी तरफ, दोनों की स्टार हेल्थ (Star Health) में 17.5 फीसदी हिस्सेदारी है।
झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो का एक बड़ा शेयर टाइटन (Titan) इस साल अभी तक 2.3 फीसदी चढ़ चुका है। झुनझुनवाला फैमिली की दिसंबर तिमाही तक इस कंपनी में 5.09 फीसदी हिस्सेदारी है, जिसकी वैल्यू बुधवार के क्लोजिंग प्राइस के आधार पर 11,700 करोड़ रुपये है।
झुनझुनवाला की चौथी बड़ी होल्डिंग टाटा मोटर्स (Tata Motors) में इस साल 14.7 फीसदी की गिरावट आ चुकी है, जबकि उनका पांचवां बड़ा शेयर एस्कॉर्ट्स (Escorts) इस साल 5 फीसदी कमजोर हो चुका है।
क्रिसिल (1.8 फीसदी कमजोर), फोर्टिस हेल्थकेयर (18 फीसदी कमजोर), फेडरल बैंक (11 फीसदी कमजोर), केनरा बैंक (10 फीसदी ऊपर) और नजारा टेक्नोलॉजिस (25 फीसदी कमजोर) उनके पोर्टफोलियो के टॉप 10 शेयरों में शामिल हैं।