Tata Consultancy Services (TCS) ने टेंडर ऑफर के जरिए 4 करोड़ शेयरों (1.1%) इक्विटी के बायबैक को मंजूरी दे दी है। यह बायबैक ऑफर 4500 रुपये प्रति शेयर के ऑफर प्राइस पर रखा गया है। इस ऑफर की साइज 18000 करोड़ रुपये की है। टीसीएस के बायबैक में भागीदारी के लिए 23 फरवरी 2022 को रिकॉर्ड डेट तय किया गया है।
सेबी के नियमों के मुताबिक ऑफर साइज का 15 फीसदी हिस्सा (लगभग 2700 करोड़ रुपए ) छोटे निवेशकों के लिए रिजर्व है। इन निवेशकों में ऐसे निवेशक शामिल हैं जिनके पास रिकॉर्ड डेट को 2 लाख रुपये तक के शेयर हैं।
इस बायबैक ऑफर पर मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि हमें उम्मीद है कि इसका एक्सेप्टेंस रेश्यों 30-50 फीसदी के बीच रह सकता है जो 1 -2 महीनों में 5-9 फीसदी (प्री-टैक्स) रिटर्न दे सकता है। शॉर्ट टर्म मौके की तलाश वाले निवेशक टीसीएस के शेयर को ओपन मार्केट में खरीदकर इनको बायबैक ऑफर में टेंडर कर सकते हैं।
मोतीलाल ओसवाल ने इस बात पर हाइलाइट किया कि 4500 रुपये के प्राइस बायबैक को देखते हुए कोई रिटेल निवेशक इस बायबैक ऑफर में शेयर टेंडर करने के लिए 44 शेयर ( ₹2,00,000/ ₹4,500) खरीद सकता है।
हालांकि मोतीलाल ओसवाल ने इस बात की संभावना व्यक्त की है कि रिकॉर्ड डेट के पहले अतिरिक्त रिटेल शेयरधारकों की खरीद के चलते बायबैक ऑफर का एक्सेप्टेंस रेश्यो घट सकता है और इस स्टॉक का शेयर प्राइस बायबैक के बाद निकलने के पहले नीचे की तरफ लुढ़क सकता है। यह बड़ा जोखिम है।
इस बायबैक ऑफर में टीसीएस के प्रमोटर Tata Sons और Tata Investment Corporation Ltd ने करीब 2.88 करोड़ शेयर टेंडर करने की इच्छा जाहिर की है। यह बायबैक ऑफर पिछले 5 साल में आया टीसीएस का 5वां बायबैक है। पिछले बायबैक में टीसीएस ने 16000 करोड़ के शेयर बायबैक किए थे और यह बायबैक 18 दिसंबर 2020 को खुलकर 1 जनवरी 2021 को बंद हुआ था।