पिछले 5 कारोबारी सत्रों में निफ्टी मेटल इंडेक्स में करीब 12 फीसदी की तेजी आई है जबकि इसी अवधि में निफ्टी 50 में 2 फीसदी की गिरावट आई है। घरेलू ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों के चलते एल्युमिनियम, निकेल , स्टील, थर्मल कोल और पीसीआई कोल की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
भारत एल्युमिनियम का बड़ा एक्सपोर्टर है। ऐसे में मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि Hindalco, National Aluminium Company (Nalco) और Vedanta जैसी कंपनियों को एल्युमिनियम की कीमतों मे बढ़ोतरी का फायदा मिलेगा। इसी तरह कोल की बढ़ती डिमांड का सबसे ज्यादा फायदा Coal India को मिलता नजर आएगा। वहीं यूरोपियन में स्टील की कीमतों में किसी बढ़त का सबसे ज्यादा फायदा Tata steel को मिलेगा।
मोतीलाल ओसवाल ने अपने हाल में जारी नोट में कहा है कि मेटल सेक्टर में हमारी टॉप स्टॉक्स पिक्स Hindalco, Nalco और Coal India है। इनको कमोडिटी की बढ़ती कीमतों से फायदा होता नजर आएगा। यूरोप में स्टील की कीमतों में जोरदार तेजी आने की उम्मीद है जिसका Tata steel को बड़ा फायदा मिलेगा। हालांकि कीमतें बहुत ज्यादा बढ़ने से ऊपरी स्तर पर खपत में गिरावट देखने को मिल सकती है यह एक जोखिम भी है।
मोतीलाल ओसवाल का यह भी कहना है कि रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों के चलते तमाम कमोडिटी के सप्लाई चैन में दिक्कत आ सकती है और सप्लाई की स्थिति सुधरने में कई महीने लग सकते है। ऐसे में जब तक स्थितियों में सुधार नहीं होता तब तक कीमतों में तेजी बनी रहेगी। इस नोट में मोतीलाल ओसवाल ने आगे कहा है कि हिंडाल्को को रशियन एल्युमिनियम पर लगाए गए प्रतिबंध का भी फायदा मिलेगा क्योंकि अपस्ट्रीम और डाउन स्ट्रीम दोनों सेगमेटों में है।
Nalco को एल्युमिनियम और एलुमिना की दोनों की कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा मिलेगा। इसी तरह Vedanta को ऑयल, एल्युमिनियम , जिंक , स्टील जैसे कई कमोडिटीज की कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा मिलेगा। हालांकि Vedanta को एक तरफ इन कमोडिटी की बढ़ती कीमत से फायदा होगा वहीं कोयले की कीमतों में बढ़ोतरी से कंपनी पर कुछ दबाव आएगा।