तेजी से लोगों की पसंद बन रहे बैटरी से चलने वाले यानी कि इलेक्ट्रिक दोपहिया गाड़यों की बिक्री में गिरावट देखने को मिली है। वाहन पोर्टल पर वाहन पंजीकरण के आंकड़ों पर नजर डालने पर पता चलता है कि महीने-दर-महीने बिक्री में वृद्धि के बाद मई में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का पंजीकरण 20% घटकर मई के महीने में 39,339 रह गया।
हालांकि इंडस्ट्री के एक्सपर्ट्स ने कहा है कि बढ़ते बाजार में पंजीकरण में गिरावट, विशेष रूप से अधिकांश व्हीकल सेगमेंट में मांग की तुलना में आपूर्ति में गिरावट, सुस्त भावना की ओर इशारा करती है। यह अस्थायी हो सकता है और यह गिरावट जून-जुलाई से अधिक नहीं टिकेगी और इसमें फिर से तेजी देखने को मिल सकती है।
हालांकि कुछ एक्सपर्ट्स ने कहा कि कई कारकों की वजह से बिक्री में गिरावट नजर आई है। गाड़ियों की आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान, ईवी बैटरी पर सुरक्षा चिंताएं और दोपहिया वाहनों में आग लगने की घटनाओं के बाद मौजूदा उत्पादों की बिल्ड क्वालिटी ने निर्माताओं को अपने उत्पादों के मानकों का पुनर्मूल्यांकन करने के लिए विवश किया है। इसके अलावा ई-स्कूटर कंपनियां भी सतर्क हैं क्योंकि ईवी बैटरी और सुरक्षा मानकों को जल्द ही लागू किए जाने की संभावना है।
मिंट में छपी खबर के मुताबिक फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विंकेश गुलाटी ने एक साक्षात्कार में कहा “हाल ही में रिपोर्ट किए गए ईवी में क्वालिटी के मुद्दों और आग की कई घटनाओं के कारण खरीदारों के मन में कुछ आशंका है। हालांकि यह मांग में स्थायी मंदी का कारण नहीं बन सकती है, लेकिन एक छोटी सी गिरावट जरूर आई है। इसकी वजह ये है कि कुछ ग्राहक ईवी खरीद में देरी करना पसंद कर रहे हैं। ग्राहक नए बैटरी सुरक्षा नियमों के पालन के मामले में सरकार और ओईएम से स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं।"
हीरो इलेक्ट्रिक की 2,849 दोपहिया गाड़ियों का मई में पंजीकरण हुआ। कंपनी की सोहिंदर गिल ने कहा कि अप्रैल में कंपनी ने कोई इलेक्ट्रिक दोपहिया गाड़ी नहीं बनाई बल्कि 15 मई से ही कंपनी का प्रोडक्शन शुरू हो सका था। कंपनी अगले महीने और उसके आगे से बाजार में अपनी टॉप पोजीशन पर पहुंच जायेगी।
मई में, एथर एनर्जी (Ather Energy), बजाज ऑटो (Bajaj Auto) और रिवोल्ट मोटर (Revolt Motor) को छोड़कर प्रमुख OEMs ने पंजीकरण में गिरावट देखी। इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार में शीर्ष दो खिलाड़ियों में से एक ओला इलेक्ट्रिक ने पंजीकरण में 28% की गिरावट देखी। Elara Capital द्वारा एकत्र किये गये वाहन डेटा के अनुसार टीवीएस मोटर पंजीकरण के में 69%, हीरो इलेक्ट्रिक 57%, ओकिनावा 16% और एम्पीयर 11% की कमी देखने को मिली। वहीं मई में कुल दोपहिया गाड़ियों के पंजीकरण में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की हिस्सेदारी 3.2% रही, जबकि अप्रैल में यह 4.1% थी।