SBI Life Q3 Results: एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (SBI Life Insurance Company Limited (SBI Life) ने आज यानी 21 जनवरी को 31 दिसंबर, 2021 को समाप्त तिमाही के लिए अपने नतीजे घोषित किये हैं। तिमाही आधार पर कंपनी का कर पश्चात मुनाफा (profit after tax (PAT) 47.61 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि के साथ 364.6 करोड़ रुपये रहा। तिमाही आधार पर कंपनी की आय 19.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 20,458.1 करोड़ रुपये रही।
कंपनी का तीसरी तिमाही के लिए कुल वार्षिक प्रीमियम 4,570 करोड़ रुपये रहा जो कि सीएनबीसी-टीवी18 सर्वेक्षण अनुमान (CNBC-TV18 poll estimate) 4,410 करोड़ रुपये के काफी हद तक करीब रहा। इसके अलावा कंपनी के नए कारोबार का मूल्य (value of new business (VNB) 1.170 करोड़ रुपये रहा जबकि मार्जिन 470 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 25.5 प्रतिशत हो गई।
कंपनी की वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही (Q3FY22) के लिए शुद्ध प्रीमियम आय बढ़कर 18,025.34 करोड़ रुपये रही, जो कि वित्त वर्ष 2021-22 की दूसरी तिमाही के लिए (Q2FY22) के लिए 14,660.64 करोड़ रुपये रही थी।
रिपोर्ट के अनुसार तिमाही आधार पर कंपनी के पास मौजूद नकद और बैंक बैलेंस 19.82 प्रतिशत बढ़कर 3,370.93 करोड़ रुपये रहा और कंपनी के एडवांसेज और अदर एसेट्स 8.18 प्रतिशत घटकर 4,223.94 करोड़ रुपये रहे। तिमाही आधार पर कंपनी का नेट करेंट एसेट्स 37 प्रतिशत कम होकर 2,054.58 करोड़ रुपये रहा।
सालाना आधार पर कंपनी की नेटवर्थ 11 प्रतिशत बढ़कर 11,200 करोड़ रुपये दर्ज की गई जबकि सालाना आधार पर कंपनी की एसेट अंडर मैनेजमेंट (assets under management (AUM) 23 प्रतिशत बढ़कर 2,56,867 करोड़ रुपये रहा।