SBI Shares : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सितंबर, 2022 में समाप्त तिमाही में मजबूत नतीजों की उम्मीद से उसके शेयर 25 अक्टूबर, 2022 को बीएसई पर इंट्राडे में लगभग 2 फीसदी मजबूती के साथ 579.95 रुपये के स्तर पर पहुंच गए, जो उसका रिकॉर्ड हाई है। दरअसल, आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) के मजबूत नतीजों के बाद एसबीआई के अच्छे नतीजों की उम्मीद की जा रही है।
SBI को क्रेडिट डिमांड बढ़ने से होगा फायदा
इससे पहले, सरकार के स्वामित्व वाले बैंक ने 15 सितंबर, 2022 को 578.65 रुपये का अपना पिछला हाई छुआ था। दोपहर 1.40 बजे शेयर 1.52 फीसदी मजबूती के साथ 579 रुपये के स्तर पर बना हुआ था। पीएसयू बैंकों में, SBI को क्रेडिट डिमांड बढ़ने का सबसे ज्यादा फायदा होगा। पिछले आठ ट्रेडिंग सेशंस के दौरान SBI का शेयर लगभग 11 फीसदी मजबूत हो चुका है।
रेटिंग एजेंसी केयर रेटिंग्स ने 7 अक्टूबर, 2022 को स्टेबल आउटलुक के साथ बैंक की फैसिलिटीज और इंस्ट्रुमेंट्स की पुष्टि की थी।
रिपोर्ट में कोविड-19 के चलते पैदा संकट के चलते सीमित स्लिपेज के साथ बीते तीन साल के दौरान SBI की एसेट क्वालिटी में सुधार का उल्लेख किया गया था।
रिटेल बिजनेस से अच्छा सपोर्ट मिलने की उम्मीद
उधर, रेटिंग एजेंसी फिच ने एसबीआई के रिटेल बिजनेस से अच्छा सपोर्ट मिलने की उम्मीद जाहिर की। हालांकि, ब्याज दरों में बढ़ोतरी के चलते बैंक कॉर्पोरेट और एसएमई सेगमेंट में सावधानी के साथ ग्रोथ प्रदर्शित कर रहा है। बैंक का क्रेडिट क्वालिटी पर ज्यादा जोर है, जिससे उसे कैपिटल के इस्तेमाल को दुरुस्त करना जरूरी हो गया है।
एसबीआई के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 5 नवंबर, 2022 को मीटिंग होनी है, जिसमें 30 सितंबर, 2022 को समाप्त तिमाही और छमाही के नतीजों पर विचार किया जाएगा और मंजूरी दी जाएगी।
क्या कहते हैं ब्रोकरेज हाउस
ICICI Securities ने एक नोट में कहा, वित्त वर्ष 23 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर लगभग 17-18 फीसदी की मजबूत लोन ग्रोथ रहने का अनुमान है, जो पिछले पांच साल के दौरान सबसे ज्यादा में से एक हो सकती है और डिपॉजिट ग्रोथ सालाना आधार पर 10 फीसदी हो सकती है।
Mirae Asset Capital Markets को उम्मीद है कि एसबीआई के अर्निंग्स साइकिल की वापसी होगी, क्योंकि कॉर्पोरेट रिकवरी साइकिल में सुधार के साथ इसकी क्रेडिट कॉस्ट में कमी आएगी। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 671 रुपये का टारगेट दिया है।
डिसक्लेमर : मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।