Tata Consultancy Services share buyback : टाटा कंसल्टैंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने कहा कि उसके बायबैक ऑफर में कंपनी के प्रमोटर्स टाटा संस (Tata Sons) और टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन लि. (टीआईसीएल) का भाग लेने का इरादा है। टीसीएस ने बुधवार को 17 फीसदी प्रीमियम या 4,500 रुपये प्रति शेयर पर 18,000 करोड़ रुपये का शेयर बायबैक ऑफर लाने का ऐलान किया था।
इतने शेयर ऑफर करेंगी टाटा संस और टीआईसीएल
कंपनी के पोस्टल बैलेट नोटिस के मुताबिक, टाटा संस और टीआईसीएल ने बायबैक ऑफर में भाग लेने की इच्छा जताई है। टाटा संस के पास कंपनी के 266.91 करोड़ शेयर हैं और उसका बायबैक के लिए 2.88 करोड़ शेयर टेंडर करने का इरादा है, वहीं टीआईसीएल के पास 10,23,685 शेयर हैं और उसने 11,055 शेयरों की पेशकश की है।
प्रमोटर्स को मिल सकते हैं 12,993 करोड़ रुपये
4,500 रुपये प्रति शेयर की दर से टाटा संस और टीआईसीएल दोनों को 12,993 करोड़ रुपये मिलेंगे। टीसीएस कंपनी के इक्विटी शेयरों के बायबैक के लिए स्पेशल रिजॉल्युशन के जरिए शेयरधारकों से मंजूरी मांग रही है।
2017 के बाद कंपनी का चौथा बायबैक
रिमोट ई-वोटिंग पीरियड 14 जनवरी, 2022 से शुरू होगा और 12 फरवरी, 2022 को समाप्त होगा। पोस्टल बैलेट के नतीजे 15 फरवरी, 2022 को घोषित होंगे। 2017 के बाद यह टीसीएस का चौथा बायबैक है और मौजूदा कैलेंडर वर्ष में किसी कंपनी का पहला बायबैक है। कंपनी ने वर्ष 2017, 2018 और 2020 में हर साल 16,000 रुपये के शेयर बायबैक को मंजूरी दी थी।
शुक्रवार को देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी का शेयर एनएसई पर 1.80 फीसदी की मजबूती के साथ 3,968.15 रुपये पर बंद हुआ।