देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (Information Technology (IT) सेवा उपलब्ध कराने वाली टाटा ग्रुप की टॉप की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services (TCS) ने आज वित्त वर्ष 2023 की जून तिमाही के लिये अपने नतीजे जारी किये हैं। कंपनी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी ने 14,136 नये कर्मचारियों को नौकरियां दी हैं।
आज पूरे दिन बाजार को इस दिग्गज आईटी कंपनी के नतीजों का इंतजार रहा। इसकी वजह से नतीजे आने से पहले कंपनी के शेयरों में उतार-चढ़ाव देखा गया। TCS का शेयर आज 0.7% की कमजोरी के साथ बंद हुआ।
टीसीएस के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी मिलिंद लक्कड़ (Chief HR Officer Milind Lakkad) ने कहा कि कंपनी ने अपने कर्मचारियों के वेतन में 8% तक का इजाफा किया है। उन्होंने कहा कि रणनीतिक प्रतिभा और करियर के विकास के लिए किये गये हमारे निवेश से हमारा वर्कफोर्स बढ़ा है।
लक्कड़ ने आगे कहा कि हमने वार्षिक मुआवजे की समीक्षा (annual compensation review) के बाद कर्मचारियों को 5 से 8% की वेतन वृद्धि दी। इतना ही नहीं टॉप परफॉर्मर को सैलरी में और भी ज्यादा बढ़ोतरी दी गई है। सशक्तीकरण, परफॉर्मेंस आधारित वर्क कल्चर की हमारी नीतियों के कारण हमें स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कंपनी में शामिल करने में मदद मिलती रहती है।
एचआर अधिकारी ने आगे कहा कि निरंतर भर्ती करने के परिणामस्वरूप हमारे कर्मचारियों की संख्या 600,000 का आंकड़ा भी पार कर गई है। कंपनी के कर्मचारियों में 153 देशों के लोग काम करते हैं और कुल कर्मचारियों में 35.5% महिला कर्मचारी हैं।
वहीं रेगुलेटरी फाइलिंग में कंपनी ने जानकारी देते हुए कहा कि 30 जून को टीसीएस के कुल कर्मचारियों की संख्या 606,331 रही। इसमें वित्त वर्ष 2023 की पहली तिमाही के दौरान 14,136 नये कर्मचारियों को भर्ती किया गया। हालांकि इस दौरान 19.7 प्रतिशत कर्मचारियों ने कंपनी को बाय-बाय भी कह दिया।
टीसीएस ने ये भी बताया कि कंपनी ने थोड़ा-थोड़ा करके Q1 में ऑफिस में कर्मचारियों को वापस बुलाने की प्रक्रिया में तेजी लाई थी। इसके परिणामस्वरूप अब लगभग 20% कर्मचारी ऑफिस से काम कर रहे हैं।
TCS ने आज चालू वित्त वर्ष यानी कि वित्त वर्ष 2023 की पहली तिमाही अर्थात जून तिमाही के वित्तीय नतीजों की घोषणा की। टीसीएस वित्तीय नतीजों की घोषणा करने वाली पहली बड़ी कंपनी है। इसके साथ ही कंपनियों के नतीजे घोषित करने सीजन शुरू हो गया है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)