बीते हफ्ते भारतीय इक्विटी बाजार अपनी खोई ताकत फिर से हासिल करता नजर आया। अच्छे ग्लोबल संकेतों और अच्छे मानसून के चलते बाजार 3 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। एफआई की बिकवाली हल्की पड़ने से भी बाजार जोश में रहा। इसके अलावा कमोडिटी की गिरती कीमतों से भी बाजार सेटीमेंट को सहारा मिला। पिछले हफ्ते सेंसेक्स 1573.91 अंक यानी 2.97 फीसदी की बढ़त के साथ के साथ 54481.84 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 468.55 अंक यानी 2.97 फीसदी की बढ़त के साथ 16220.6 के स्तर पर बंद हुआ था।
मोतीलाल ओसवाल के सिद्धार्थ खेमका का कहना है कि अब आगे बाजार की नजर शुक्रवार से शुरु हुए नतीजों के मौसम पर रहेगी। कंपनियों के प्रदर्शन पर महंगाई के असर और कंपनियों के मैनेजमेंट की कमेंट्री बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा बाजार की नजर ग्लोबल और घरेलू जीडीपी, सीपीआई और इंफ्लेशन के आंकड़ों पर भी रहेगी।
शेयरखान के गौरव रत्नपारखी का कहना है कि पिछले हफ्ते के दौरान निफ्टी में अच्छी रिकवरी देखने को मिली है। इस तेजी में इसने अपनी कई शॉर्ट टर्म बाधाएं तोड़ी हैं जिसमें 16000 का मनोवैज्ञानिक लेवल भी शामिल है। इसने जून के गिरावट के दौरान बने गैप को भरने में सफलता हासिल की है। निफ्टी इस समय काफी अहम लेवल पर पहुंच गया है। इसने अपना डेली अपर बोलिंगर बैंड हासिल करने के साथ ही राइजिंग चैनल का ऊपरी छोर भी हासिल कर लिया है। अगर अब निफ्टी 08 जुलाई का 16275 का हाई पार कर लेता है तो फिर इसमें हमें शॉर्ट टर्म में 16500 का स्तर देखने को मिल सकता है। वहीं अगर निफ्टी 16200 का लेवल बचाने में कामयाब नहीं रहता है तो फिर इसमें गिरावट आ सकती है और यह 16050-16000 की तरफ जाता दिख सकता है।
च्वाइस ब्रोकिंग की पलक कोठारी का कहना है कि निफ्टी ने शुक्रवार को 21 और 50-DMA के ऊपर क्लोजिंग की। जिससे अगले सेशन में भी इसमें मजबूती के संकेत नजर आ रहे हैं। निफ्टी के लिए 16100 पर सपोर्ट नजर आ रहा है। वहीं 16350 पर पहला रजिस्टेंस नजर आ रहा है। अगर यह बाधा टूट जाती है तो निफ्टी में और तेजी आ सकती है। बाजार में स्टॉक स्पेसिफिक एक्शन देखने को मिला है। ऐसे में अगर निफ्टी 16200 के ऊपर टिका रहता है तो यह हमें 16500 की तरफ जाता नजर आ सकता है।
Kotak Securities के अमोल अठावले का कहना है कि बाजार में 8 जुलाई को पॉजिटिव मोमेंटम कायम रहा। निवेशक सेलेक्टिव खरीदारी कर रहे हैं। किसी भी समय कोई निगेटिव खबर आ सकती है और बाजार में एक बार फिर भारी बिकवाली देखने को मिल सकती है। टेक्निकली निफ्टी ने वीकली चार्ट पर एक लॉन्ग बुलिश कैंडल बना लिया है। इसके साथ ही इसने 16000 का अपना शॉर्ट टर्म रजिस्टेंस भी पार कर लिया है।
शॉर्ट टर्म में निफ्टी के लिए 16000 और 50-डे SMA पर सपोर्ट है। बाजार में शॉर्ट टर्म में पॉजिटिव मूवमेंट बने रहने की उम्मीद है। लेकिन बाजार हल्का ओवरबॉट दिख रहा है। ऐसे में बाजार नियर टर्म में सामित दायरे में दिख सकता है। ऊपर की तरफ निफ्टी के लिए 16300 और 16450 पर रजिस्टेंस दिख रहा है। वहीं, नीचे की तरफ 16100 और 16000 पर सपोर्ट दिख रहा है।
Samco Securities के अपूर्वा सेठ का कहना है कि इस हफ्ते बाजार में कई बड़े इवेंट अपना असर दिखाएगे। यूएस के महंगाई आंकड़ों, PPI औऱ बेरोजगारी आंकड़ों पर ग्लोबल बाजार की नजर रहेगी। महंगाई की समस्या से सिर्फ पश्चिमी देश परेशान नहीं है बल्कि भारत भी परेशान है। इसपर भारतीय बाजार की भी नजर रहेगी। इसके अलावा तिमाही नतीजों पर भी बाजार की नजर रहेगी। कंपनियों के मैनेजमेंट की कमेंट्री पर बाजार की नजर रहेगी। ऐसे में निवेशकों को सलाह है कि वह अपने निवेश निर्णय लेते वक्त सतर्क रहे। शॉर्ट टर्म में निफ्टी को 16,200 के आसपास रजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है। अगर निफ्टी इसके ऊपर बने रहने में कामयाब रहता है तो ऊपर की तरफ इसको अगली बाधा का सामना करना पड़ेगा। वहीं नीचे की तरफ निफ्टी के लिए 16,000 पर मजबूत सपोर्ट नजर आ रहा है।
5paisa.com के रुचित जैन का कहना है कि निफ्टी मे शॉर्ट टर्म में तेजी जारी रहने की उम्मीद है और यह 16550 और 16650 की तरफ जाता नजर आ सकता है। वहीं नीचे की तरफ अब निफ्टी का सपोर्ट बेस ऊपर की तरफ आ गया है और 16000-15900 की रेंज में इसके लिए दिख रहा है। आने वाले हफ्ते में एक -दो कारोबारी सत्रों में हल्के करेक्शन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन इस तरह की किसी भी गिरावट को खरीदारी के मौके की तरफ इस्तेमाल करने की सलाह होगी।
Religare Broking के अजित मिश्रा का कहना है कि सोमवार के शुरुआती कारोबार में बाजार सबसे पहले टीसीएस और डीमार्ट के नतीजों पर रिएक्शन देगा। इस समय बाजार में बीच मे कुछ ठहराव के बाद और फिर से तेजी आने के संकेत बने हुए है। निफ्टी अगले हफ्ते 16500 का स्तर छुते नजर आ सकता है। वहीं नीचे की तरफ इसके लिए 15900-16000 पर सपोर्ट नजर आ रहा है।
एंजेल वन के समीत चव्हाण का कहना है कि टेक्निकल नजरिए से देखें तो बाजार का शॉर्ट टर्म स्ट्रक्चर बुलिश नजर आ रहा है। निफ्टी अपने मनोवैज्ञानिक स्तर को एक बार फिर हासिल करता दिखा और इसके ऊपर मजबूती से टिका हुआ भी है। इसके अलावा बाजार के आखिरी कारोबारी दिन ब्रॉडर मार्केट ने जिस तरह के लक्षण दिखाए वे भी तेजड़ियों के लिए शुभ संकेत हैं। इस समय बाजार काफी सेफ जोन में दिख रहा है। इस हफ्ते निफ्टी के लिए 16000 –15900 पर मजबूत सपोर्ट दिख रहा है। वहीं, ऊपर की तरफ इसके लिए 16350 – 16430 पर अगली बाधा दिख रही है जो डेली टाइम फ्रेम पर निफ्टी का 89-EMA (exponential moving average) भी है। अगर ग्लोबल संकेत सपोर्ट करता है तो निफ्टी हमें 16430 की तरफ जाता दिख सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)