Vedanta share price up: कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन वेदांता (Vedanta) के शेयरों में भारी मात्रा में कारोबार हुआ। इसकी वजह से शुक्रवार को वेदांता का शेयर 7 प्रतिशत उछल गया। इसमें पिछले चार दिनों में शेयर में 16 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली। बीएसई पर शेयर 7.37 प्रतिशत बढ़कर 324.65 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया। दो सप्ताह के औसत 7.82 लाख शेयरों के मुकाबले अब तक कुल 14.95 लाख शेयरों में बीएसई पर खरीद-फरोख्त देखने को मिली। शुक्रवार तक चार दिनों में शेयर में 15.57 प्रतिशत की तेजी आई है। इसी अवधि में बीएसई सेंसेक्स 2.6 फीसदी चढ़ा है। वहीं सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद एनालिस्ट्स ने इस स्टॉक के टारगेट में मामूली तेजी की राय दी है।
FY23 की सितंबर तिमाही में वेदांता (Vedanta)का मुनाफा 60.80 प्रतिशत घटकर 1,808 करोड़ रुपये रहा। जबकि FY22 की सितंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 4,615 करोड़ रुपये रहा था। FY23 की सितंबर तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड आय बढ़कर 37,351 करोड़ रुपये हो गई। जबकि FY22 की सितंबर तिमाही में कंपनी की आय 31,074 करोड़ रुपये रही थी।
Nuvama Institutional Equities को लगता है कि कम कीमतों, हेजिंग की अनुपस्थिति, लोअर सीओपी और हायर वॉल्यूम के बीच वेदांता के लिए दिसंबर तिमाही कमजोर रहेगी। कैप्टिव कोयले से लागत बचत होने की वजह से आय वृद्धि के बावजूद दिसंबर तिमाही कमजोर रहने की उम्मीद है। ब्रोकरेज ने वेदांता का टारगेट प्राइस 355 रुपये तय किया है।
वहीं ट्रेंडलाइन पर उपलब्ध सार्वजिनक आंकड़ों से पता चलता है कि Vedanta का एवरेज टारगेट 327.50 रुपये है। इसमें सभी को 2 प्रतिशत अपसाइड की संभावना नजर आती है।
मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि कंपनी कर्ज और कॉस्ट मैनेजमेंट पर ध्यान देना जारी रखे हुए है। ब्रोकरेज ने कहा कि मेटल की कीमतों पर एक मंदी के नजरिये के साथ, हम Vedanta पर अपनी 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रख रहे हैं। इस स्टॉक पर हमारा टारगेट प्राइस 255 रुपये है।
कल शुक्रवार 4 नवंबर को बाजार बंद होने के समय Vedanta का स्टॉक मजबूती के साथ बंद हुआ। बाजार बंद होने के समय ये स्टॉक एनएसई पर 6.29 प्रतिशत या 19.05 रुपये चढ़कर 321.95 रुपये पर बंद हुआ। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 440.75 रुपये रहा है। जबकि इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 206 रुपये रहा है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)