चीन की चमक फीकी, भारत पर बढ़ा भरोसा! HSBC का इंडियन मार्केट पर बड़ा दांव, इन सेक्टर्स पर बुलिश

ग्लोबल फाइनेंशियल फर्म HSBC ने भारतीय शेयरों की रेटिंग ‘Neutral’ से बढ़ाकर ‘Overweight’ कर दी है, जबकि चीन को ‘Overweight’ से घटाकर ‘Neutral’ कर दिया है। वजह है भारत की मजबूत कमाई और वाजिब वैल्यूएशन

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 4:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
HSBC ने भारतीय शेयरों की रेटिंग ‘Neutral’ से बढ़ाकर ‘Overweight’ कर दी है।

लंबे समय से सुस्ती झेल रहे भारतीय शेयर बाजार के लिए विदेश से अच्छी खबर आई है। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज फर्म HSBC ने भारतीय शेयरों की रेटिंग ‘Neutral’ से बढ़ाकर ‘Overweight’ कर दी है।

इसके साथ ही उसने चीनी कंपनियों के शेयरों को ‘Overweight’ से घटाकर ‘Neutral’ कर दिया है। HSBC का कहना है कि भारत में कंपनियों की कमाई मजबूत बनी हुई है, ग्रोथ की संभावनाएं सुधरी हैं और लंबे करेक्शन के बाद वैल्यूएशन भी पहले से ज्यादा वाजिब हो गए हैं।

‘Neutral’ से ‘Overweight’ क्यों हुआ भारत


‘Overweight’ रेटिंग का मतलब है कि ब्रोकरेज निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में उस बाजार का हिस्सा बढ़ाने की सलाह दे रहा है। HSBC ने ये फैसला अपनी ताजा एशिया-पैसिफिक इक्विटी स्ट्रैटेजी रिपोर्ट में लिया है।

रिपोर्ट के मुताबिक भारत इस समय निवेश का आकर्षक मौका दे रहा है। कमाई की रफ्तार सुधर रही है, क्रेडिट ग्रोथ मजबूत है और सरकार के नीतिगत कदम आर्थिक ग्रोथ और करेंसी की स्थिरता को सहारा दे रहे हैं। ये अपग्रेड ऐसे वक्त आया है जब भारतीय बाजार लंबे समय तक करेक्शन में रहा और इमर्जिंग मार्केट्स के मुकाबले पीछे छूट गया।

सालों के करेक्शन के बाद वाजिब हुए वैल्यूएशन

HSBC ने कहा कि भारतीय शेयरों में कई साल से वैल्यूएशन रीसेट हुआ है। इससे वैल्यूएशन ज्यादा आकर्षक हो गए हैं, खासकर लार्ज-कैप शेयरों में।

रिपोर्ट में एक दिलचस्प आंकड़ा भी दिया गया है। फिलहाल सिर्फ 22% ग्लोबल इमर्जिंग मार्केट (GEM) फंड्स ही भारत पर ओवरवेट हैं। यानी ज्यादातर बड़े फंड्स ने अभी भारत में अपना हिस्सा कम रखा है, जिससे आगे और निवेश आने की गुंजाइश बनती है।

झटकों के बीच भी टिकी रही ग्रोथ

HSBC की रिपोर्ट में कहा गया, "मैक्रो झटकों की एक सीरीज (यानी ऊंची ब्याज दरें और तेल) के बावजूद ग्रोथ मजबूत बनी हुई है।" रिपोर्ट के मुताबिक कमाई के अनुमानों में कटौती की रफ्तार भी अब काफी धीमी हो गई है।

ब्रोकरेज ने ये भी कहा कि एशियाई बाजारों पर तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े शेयरों का दबदबा बढ़ रहा है। ऐसे माहौल में भारत का अपेक्षाकृत कम उतार-चढ़ाव और पोर्टफोलियो में विविधता लाने का फायदा इसे आकर्षक बनाता है।

इन सेक्टर्स पर HSBC का भरोसा

सेक्टर की बात करें तो HSBC ने बैंकों को पसंद किया है, जिन्हें ग्रोथ की बेहतर तस्वीर का सहारा मिल रहा है। इंडस्ट्रियल सेगमेंट में भी उसे मौके दिख रहे हैं, खासकर कैपिटल गुड्स, सीमेंट, पोर्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज में।

कंजम्प्शन सेक्टर में HSBC ने स्टेपल्स यानी रोजमर्रा के सामान वाली कंपनियों की जगह कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी शेयरों को तरजीह दी है, खासकर रिटेलर्स और ऑटोमोबाइल कंपनियों को। इसके अलावा इंश्योरेंस कंपनियों और हॉस्पिटल शेयरों पर भी उसका नजरिया पॉजिटिव बना हुआ है। हाल की रेगुलेटरी अनिश्चितताओं के बावजूद ब्रोकरेज को इनमें ग्रोथ की संभावना दिखती है।

कच्चा तेल और El Niño सबसे बड़े जोखिम

HSBC ने भारत की आर्थिक तस्वीर के लिए कुछ खतरे भी गिनाए हैं। रिपोर्ट में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और El Niño मौसम पैटर्न की आशंका को जोखिम बताया गया है।

ब्रोकरेज ने चेताया कि अगर ऊर्जा की कीमतें लंबे समय तक ऊंची रहीं तो घरेलू मांग और रुपये पर दबाव आ सकता है। वहीं बढ़ती महंगाई का असर खास तौर पर ग्रामीण खपत पर पड़ सकता है। इन चिंताओं के बावजूद HSBC का मानना है कि आने वाली तिमाहियों में कमाई के अनुमानों में संभावित कटौती इतनी बड़ी नहीं होगी कि बाजार के ओवरऑल सेंटिमेंट पर खास असर डाल सके।

चीन को क्यों किया ‘Neutral’

भारत को अपग्रेड करने के साथ HSBC ने चीन के शेयरों को ‘Overweight’ से घटाकर ‘Neutral’ कर दिया। ब्रोकरेज के मुताबिक वैल्यूएशन आकर्षक होने और हाल के नीतिगत सहारे के बावजूद चीन में ऐसे ट्रिगर कम हैं, जो बाजार की टिकाऊ री-रेटिंग करा सकें।

रिपोर्ट के मुताबिक कमजोर कंज्यूमर कॉन्फिडेंस, प्रॉपर्टी मार्केट में जारी दबाव और घरेलू निवेश में नरमी चीन की ग्रोथ के लिए बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं। HSBC ने सुस्त साउथबाउंड इन्वेस्टमेंट फ्लो और घटती मार्जिन फाइनेंसिंग को भी निवेशकों की कमजोर दिलचस्पी का संकेत बताया। साथ ही कहा कि निकट भविष्य में अर्थव्यवस्था की बुनियादी ग्रोथ को मजबूत करने वाले बड़े नीतिगत सहारे के साफ संकेत नहीं दिख रहे।

रिपोर्ट में कहा गया, "हमारा डाउनग्रेड हमारी इस राय को दर्शाता है कि ऐसे कैटलिस्ट सीमित हैं, जो टिकाऊ री-रेटिंग ला सकें।" चीन के भीतर HSBC ने बैंकों, आकर्षक बॉन्ड यील्ड देने वाले कंज्यूमर शेयरों, बायोटेक्नोलॉजी और उन टेक्नोलॉजी हार्डवेयर कंपनियों को अपनी पसंद में बनाए रखा है, जिन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विस्तार का फायदा मिलने की उम्मीद है।

Trading Plan : तूफानी तेजी के बाद बाजार में आई मुनाफावसूली, जानिए 11 नवंबर के लिए ट्रेडिंग रणनीति

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।