ब्रोकरेज फर्म नोमुरा, हुंडई मोटर इंडिया के शेयर पर बुलिश बनी हुई है। इसने स्टॉक के लिए 'बाय' रेटिंग दोहराई है। ब्रोकरेज फर्म ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में अनुमान जताया है कि नई लॉन्चिंग्स की वजह से वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी छमाही यानि कि अक्टूबर 2026-मार्च 2027 से हुंडई मोटर इंडिया की वॉल्यूम ग्रोथ में तेजी आएगी। साथ ही EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) मार्जिन में 11-14 प्रतिशत तक का सुधार होगा। ब्रोकरेज ने कहा कि हुंडई को भरोसा है कि वह वित्त वर्ष 2027 में घरेलू और एक्सपोर्ट मार्केट में 8-10 प्रतिशत वॉल्यूम ग्रोथ हासिल कर लेगी। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2030 तक 15 प्रतिशत से ज्यादा मार्केट शेयर हासिल करने का है।
नोमुरा ने कहा कि पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) में आई रुकावटों के बाद दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) में हुंडई मोटर इंडिया के वॉल्यूम में सुधार देखा गया। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही में नए लॉन्च से वॉल्यूम बढ़ने की उम्मीद है।
FY26-30 के दौरान 26 नए मॉडल लॉन्च करने की तैयारी
कंपनी FY26-30 के दौरान गाड़ियों के 26 नए मॉडल लॉन्च करने की योजना बना रही है। वित्त वर्ष 2027 में फेस्टिव सीजन में एक मिड-साइज ICE SUV और फेस्टिव सीजन के बाद एक कॉम्पैक्ट EV SUV को लॉन्च किया जाएगा। हुंडई मोटर इंडिया की अगले 1-2 सालों में कोई हाइब्रिड मॉडल लॉन्च करने की योजना नहीं है। लेकिन वित्त वर्ष 2030 तक 5-6 हाइब्रिड प्रोडक्ट लाने का प्लान जरूर है।
नोमुरा ने कहा कि पुणे प्लांट में 1,50,000 यूनिट की क्षमता बढ़ाने की योजना है। इसके चलते कैलेंडर ईयर 2030 तक कंपनी की कुल क्षमता 11 लाख यूनिट्स के उत्पादन की हो जाएगी। हुंडई मोटर इंडिया अक्टूबर 2027 तक पुणे प्लांट की क्षमता को लगभग 1,20,000 यूनिट से बढ़ाकर लगभग 1,70,000 यूनिट करना चाहती है।
Hyundai Motor India के EBITDA मार्जिन पर क्या अनुमान
नोमुरा का अनुमान है कि FY26-29 के दौरान घरेलू वॉल्यूम 11 प्रतिशत CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ोगा। EBITDA मार्जिन वित्त वर्ष 2027 में 11.5 प्रतिशत, वित्त वर्ष 2028 में 12.7 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2029 में 13.4 प्रतिशत रहेगा। कंपनी के मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 11-14 प्रतिशत EBITDA मार्जिन का अनुमान बरकरार रखा है।
हुंडई मोटर इंडिया का शेयर 24 अगस्त को BSE पर गिरावट के साथ 2205 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1.79 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में 19 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी 1 सितंबर, 2026 से सभी कारों के दाम 1 प्रतिशत तक बढ़ाने वाली है। किस कार का दाम कितना बढ़ेगा, यह मॉडल और वेरिएंट पर निर्भर करेगा।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।