Hyundai Motor Q1 Results: प्रॉफिट 35% घटकर 889 करोड़ रुपये, रेवेन्यू में मामूली गिरावट

Hyundai Motor Q1 Results: जून तिमाही में ह्यूंडई मोटर इंडिया का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 35 फीसदी गिरकर 889 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 1369 करोड़ रुपये था। इस दौरान ऑपरेशंस से रेवेन्यू 0.5 फीसदी घटकर 16,334 करोड़ रुपये रहा

अपडेटेड Jul 30, 2026 पर 4:28 PM
ह्यूंडई का शेयर 30 जुलाई को 2.38 फीसदी चढ़कर 2,040.30 रुपये पर बंद हुआ।

Hyundai Motor Q1 Results: ह्यूंडई मोटर इंडिया ने 30 जुलाई को जून तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया। इस दौरान कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 35 फीसदी गिरकर 889 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 1369 करोड़ रुपये था। इस दौरान ऑपरेशंस से रेवेन्यू 0.5 फीसदी घटकर 16,334 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 16,413 करोड़ रुपये था।

EBITDA जून तिमाही में 31 फीसदी गिरा

Hyundai Motor India का EBITDA जून तिमाही में 31 फीसदी गिरकर 1,511.7 करोड़ रुपये रहा। एबिड्टा मार्जिन 9.3 फीसदी पर आ गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 13.3 फीसदी था। कंपनी ने कहा है कि प्रोडक्शन में थोड़े समय के लिए बाधा आई। इससे जून तिमाही में वॉल्यूम ग्रोथ साल दर साल आधार पर 5.4 फीसदी रह गई।


मिडिल ईस्ट में टेंशन का असर एक्सपोर्ट्स पर पड़ा

पश्चिम एशिया में जियोपॉलिटिकल टेंशन का असर जून तिमाही में कंपनी के एक्सपोर्ट पर पड़ा। कंपनी के एमडी एवं सीईओ तरुण गर्ग ने कहा कि जून तिमाही चुनौतीपूर्ण रही। इस दौरान कई मुश्किलें आई, जिनका असर कंपनी के वॉल्यूम और प्रॉफिट पर पड़ा। उन्होंने कहा, "प्रोडक्शन 100 फीसदी सामान्य हो जाने और स्ट्रॉन्ग डिमांड से दूसरी तिमाही में घरेलू और एक्सपोर्ज बिजनेस में रिकवरी दिख सकती है।"

होलसेल सेल्स साल दर साल आधार पर 5.38 फीसदी बढ़ी

उन्होंने कहा कि कंपनी FY27 के वॉल्यूम ग्रोथ के 8-10 फीसदी गाइडेंस को लेकर प्रतिबद्ध है। SIAM के डेटा के मुताबिक, ह्यूंडई की घरेलू होलसेल सेल्स साल दर साल आधार पर 5.38 फीसदी बढ़कर 1,39,374 यूनिट्स रही। एक साल पहले की समान अवधि में यह 1,32,259 यूनिट्स थी। हालांकि, एक्सपोर्ट्स 19.59 फीसदी गिरकर 38,708 यूनिट्स रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 48,140 यूनिट्स था।

सप्लायर के प्लांट में आग लगने का उत्पादन पर असर

कंपनी के प्रदर्शन पर उसके एक एक सप्लायर के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में आग लगने का असर पड़ा। इससे जून में करीब 13,900 व्हीकल्स का कम उत्पादन हुआ। 22 जून से प्रोडक्शन फिर से सामान्य हो गया। कंपनी को उम्मीद है कि जुलाई-सितंबर तिमाही में प्रोडक्शन में आई कमी की भरपाई हो जाएगी।

ह्यूंडई कई मॉडल्स की कार और एसयूवी बनाती है

ह्यूंडई भारत में कई मॉडल्स की व्हीकल्स बनाती है। इनमें Grand i10 Nios, i20, Aura, Verna शामिल हैं। कंपनी कई एसयूवी भी बनाती है। इनमें Exter, Venue, Creta और Alcazar शामिल हैं। कंपनी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स भी बनाती है। Creta Electric और loniq 5 ईवी के मॉडल्स हैं। कंपनी Prime-HB और Prime-SD Fleet मॉडल्स भी बनाती है।

यह भी पढ़ें: M&M Q1 Results: नेट प्रॉफिट 7% बढ़कर 3685 करोड़ रुपये, रेवेन्यू में 23 फीसदी उछाल

30 जुलाई को कंपनी के शेयरों में 2 फीसदी से ज्यादा तेजी

कंपनी का शेयर 30 जुलाई को 2.38 फीसदी चढ़कर 2,040.30 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी के नतीजों के बाद शेयरों में तेजी आई। शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में भी तेजी दिखी। निफ्टी 0.28 फीसदी यानी 66 अंक चढ़कर 24,317 पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.35 फीसदी यानी 273 अंक की तेजी के साथ 77,928 पर क्लोज हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।