प्राइवेट सेक्टर के ICICI Bank का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 16 प्रतिशत बढ़कर 14,804.50 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 12,768.21 करोड़ रुपये था। बैंक की कुल इनकम 5 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी के साथ 54,246.84 करोड़ रुपये दर्ज की गई। जून 2025 तिमाही में यह 51,451.81 करोड़ रुपये थी।
बैंक ने शेयर बाजारों को बताया है कि जून 2026 तिमाही में उसकी शुद्ध ब्याज आय (NII) सालाना आधार पर 12.7 प्रतिशत बढ़कर 24,384.35 करोड़ रुपये हो गई। शुद्ध ब्याज मार्जिन 4.36 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि जून 2025 तिमाही में यह 4.34 प्रतिशत था।
एसेट क्वालिटी में कितना सुधार
जून 2026 तिमाही में ICICI Bank की एसेट क्वालिटी में और सुधार देखा गया। ग्रॉस NPA (Non-Performing Assets) रेशियो 1.38 प्रतिशत रहा। एक साल पहले यह 1.67 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी सालाना आधार पर कम होकर 0.35 प्रतिशत पर आ गया। जून 2025 तिमाही में यह 0.41 प्रतिशत था। एसेट्स पर रिटर्न मामूली तौर पर बढ़कर 2.49 प्रतिशत हो गया, जो जून 2025 तिमाही में 2.44 प्रतिशत था।
ICICI Bank का शेयर एक महीने में 8 प्रतिशत मजबूत
ICICI Bank के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 1441.90 रुपये है। बैंक का मार्केट कैप 10.34 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर एक महीने में 8 प्रतिशत मजबूत हुआ है। बीएसई पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,494.10 रुपये और एडजस्टेड लो 1,187.55 रुपये है। तिमाही नतीजे जारी होने के बाद सोमवार, 20 जुलाई को शेयर की चाल पर निवेशकों की नजर रहेगी। बैंक वित्त वर्ष 2026 के लिए 12 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देने वाला है।
रिकॉर्ड डेट 3 अगस्त है। इस तारीख से एक दिन पहले मार्केट क्लोजिंग तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुके होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।