19 मार्च को ICICI Prudential Life Insurance Company Limited के शेयरों में दिन में करीब 5 प्रतिशत तक की गिरावट आई। BSE पर शेयर की कीमत ₹560.60 के लो तक चली गई। हालांकि दिन के आखिरी में 3.83% की गिरावट के साथ ₹566.70 पर बंद हुआ है। इसके शेयरों में बिकवाली का यह दबाव CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के चलते आया जिसमें कहा गया है कि UK की प्रूडेंशियल कॉर्प, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से बाहर निकलने की सोच रही है। चैनल ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि Prudential Corp अपनी पूरी 21.93 प्रतिशत इक्विटी ब्लॉक डील या OFS के जरिए बेचने की सोच सकती है। ICICI Prudential Life, ICICI Bank और Prudential Corp के बीच एक जॉइंट वेंचर है।
ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में ICICI Bank की हिस्सेदारी 50.95 प्रतिशत है। कंपनी में Prudential Corp की हिस्सेदारी की कीमत 18,500 करोड़ रुपये है। CNBC-TV18 ने रिपोर्ट दी है कि Prudential Corp, भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस में भारती लाइफ वेंचर्स (BLVPL) की 85 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने पर विचार कर रही है।
ICICI Prudential Life शेयर एक महीने में 12 प्रतिशत कमजोर
ICICI Prudential Life Insurance Company का मार्केट कैप गिरकर 82100 करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर एक महीने में 12 प्रतिशत गिरा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। BSE पर शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 706.50 रुपये और एडजस्टेड लो 517 रुपये है। कंपनी सितंबर 2016 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इस साल जनवरी में ICICI Securities और मोतीलाल ओसवाल ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 800 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया था। प्रभुदास लीलाधर ने 'बाय' रेटिंग के साथ 725 रुपये का टारगेट सेट किया था।
अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 387.15 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 324.91 करोड़ रुपये था। नेट प्रीमियम इनकम 3.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11809.26 करोड़ रुपये रह गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 12261.37 करोड़ रुपये थी। दिसंबर 2025 तिमाही में नए बिजनेस की वैल्यू (VNB) सालाना आधार पर 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 615 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले यह आंकड़ा 517 करोड़ रुपये का था। VNB मार्जिन बेहतर होकर 24.4 प्रतिशत पर पहुंच गए, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 21.2 प्रतिशत पर थे।
कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत बनी रही। 31 दिसंबर, 2025 तक एसेट्स अंडर मैनेजमेंट यानि कि AUM साल-दर-साल आधार पर 6.5 प्रतिशत बढ़कर 3.31 लाख करोड़ रुपये के हो गए। नेट वर्थ 15.7 प्रतिशत बढ़कर 13,470 करोड़ रुपये हो गई। सॉल्वेंसी रेश्यो 214.8 प्रतिशत रहा।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।