LIC Share Price: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की शेयर बाजार में एंट्री कमजोर रही थी। लिस्टिंग के बाद से LIC के शेयरों में अब तक करीब 25% की गिरावट आ चुकी है। हालांकि घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज (ICICI Securities) की मानें तो, LIC के शेयरों में गिरावट का दौर अब जल्द ही खत्म होने वाला है और मौजूदा स्तर से इसमें करीब 47% की तेजी आ सकती है। ICICI सिक्योरिटी ने 22 नवंबर को जारी अपनी ताजा रिपोर्ट में LIC के शेयरों को 'BUY' रेटिंग देते हुए इसे 917 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी है।
इस बीच LIC के शेयर आज बुधवार 23 नवंबर को एनएसई पर 0.81 फीसदी गिरकर 620.70 रुपये के भाव पर बंद हुए। LIC का मार्केट कैपिटलाइजेशन इस समय 3.93 लाख करोड़ रुपये है।
ICICI Securities ने कहा, "एलआईसी एक रणनीति के तहत अब अधिक नॉन-पार प्रोडक्ट बेच रही है। नए प्रोडक्ट की लॉन्चिंग और एजेंट्स की सही ट्रेनिंग से इसकी बिक्री में बढ़ोतरी भी हुई है। कंपनी और उसके एजेंट्स इन प्रोडक्ट्स के लिए युवाओं को टारगेट कर रहे हैं। वहीं नॉन-पार में इसका फोकस ULIPS, प्रोटेक्शन सेविंग्स और एनुइटी पर फोकस है। LIC के पास इंडीविजुअल और ग्रुप बिजनेस में क्रॉस-सेलिंग का बड़ा मौका मौजूद है।"
ब्रोकरेज ने कहा, "LIC के पास ग्रुप बिजनेस में बड़ा मौका है। वित्त वर्ष 2022 तक, कंपनी के पास ग्रुप बिजनेस में NBP मार्केट का 76% हिस्सा है। वहीं APE में उसके पास 64% मार्केट शेयर है। वास्तव में LIC ता 400 अरब रुपये से अधिक के मार्केट कैपिटलाइजेशन वाले करीब 80 फीसदी कंपनियों के साथ बिजनेस रिलेशन है।"
ICICI Securities ने आगे कहा, "LIC डिजिटल चैनलों में अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है, जिसका असर अब दिखने लगा है। अधिक से अधिक एजेंट्स इसके ANANDA ऐप को अपना रहे हैं। यह ऐप एजेंट्स की ऑन-बोर्डिंग से लेकर KYC और पॉलिसी इश्यू तक की सुविधा देते हैं। इस ऐप के जरिए वित्त वर्ष 2022 में 1.7 लाख पॉलिसी बेची गई थीं, जो वित्त वर्ष 2023 की पहली छमाही में बढ़कर 4 लाख तक पहुंच गई हैं।"
ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि LIC के शेयरों पर दांव लगाने की एक वजह यह भी है कि यह अगले 3 से 5 सालों में 25-30% VNB मार्जिन का लक्ष्य रख सकती है। इन वजहों को देखते हुए हमने LIC के स्टॉक को 917 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ BUY रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह, निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।