कुछ एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और इंश्योरेंस कंपनियों के शेयरों में निवेश के मौके दिख रहे हैं। ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के हेड ऑफ रिटेल रिसर्च पंकज पांडे का ऐसा मानना है। उन्होंने बताया कि कमोडिटी की कीमतों में गिरावट से कंपनियों के मार्जिन में सुधार आने की उम्मीद है। इसका असर आने वाली तिमाहियों में कंपनियों की कमाई पर देखने को मिल सकता है। उन्होंने खास तौर पर हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल), एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स और एचडीएफसी लाइफ पर अपना नजरिया साझा किया।
एफएमसीजी सेक्टर में एचयूएल का शेयर पहली पसंद
पांडे के मुताबिक, FMCG सेक्टर में HUL का वैल्यूएशन प्रतिस्पर्धी कंपनी के मुकाबले आकर्षक है। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में LG Electronics को प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग और मार्जिन में सुधार का फायदा मिल सकता है। उनका मानना है कि HUL के शेयर में वैल्यूएशन के स्तर पर 8-10 फीसदी तक बढ़त की गुंजाइश है। कंपनी के वॉल्यूम ग्रोथ में सुधार और कमोडिटी की कीमतों में नरमी से कमाई को सपोर्ट मिल सकता है।
HUL का वैल्यूएशन प्रतिस्पर्धी कंपनी के मुकाबले अट्रैक्टिव
HUL का शेयर वित्त वर्ष 2028 की अनुमानित कमाई के करीब 40 गुना पर कारोबार कर रहा है। दूसरी तरफ, Tata Consumer Products का वैल्यूएशन करीब 44-45 गुना है। ऐसे में HUL का वैल्यूएशन प्रतिस्पर्धी कंपनी के मुकाबले अट्रैक्टिव दिखता है। HUL ने पिछली तिमाही में करीब 7 फीसदी वॉल्यूम ग्रोथ दर्ज की थी। कमोडिटी की कीमतें घटने से कंपनी की टॉपलाइन ग्रोथ दहाई अंक के निचले स्तर (Lower Double Digit) तक पहुंच सकती है।
कंज्यूमर सेक्टर में LG Electronics पर पॉजिटिव राय
पांडे ने कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में LG Electronics पर पॉजिटिव राय दी है। उन्होंने कंपनी के प्रोडक्ट्स की अच्छी मांग और प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बढ़ती लोकप्रियता को ग्रोथ का प्रमुख आधार बताया है। कंपनी ने पिछली तिमाही में करीब 20 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की है। इसके अलावा, टेलीविजन की कुल बिक्री में 55 इंच या उससे बड़े स्क्रीन वाले प्रीमियम टीवी की हिस्सेदारी करीब 50 फीसदी रही। उनका अनुमान है कि LG Electronics का मार्जिन बढ़कर करीब 12 फीसदी तक पहुंच सकता है। उन्होंने कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में चुनिंदा कंपनियों में ही निवेश करने की सलाह दी है।
इंश्योरेंस सेक्यर में HDFC Life में निवेश की सलाह
उन्होंने इंश्योरेंस सेक्टर के भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उनके मुताबिक, इंश्योरेंस कंपनियां आने वाले साल में करीब 12-14 फीसदी की ग्रोथ दर्ज कर सकती हैं। इसके साथ ही वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस (VNB) मार्जिन में भी सुधार की उम्मीद है। इस सेक्टर में उन्होंने HDFC Life में निवेश की सलाह दी है। इसके अलावा, नॉन-लेंडिंग फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में एसेट मैनेजमेंट कंपनियों (AMC) को भी निवेश के अवसर के तौर पर देखा जा सकता है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।