Blackstone का नाम जुड़ते ही रॉकेट बने इस NBFC कंपनी के शेयर, मार्केट खुलते ही आई 11% की तेजी, ₹880 तक जा सकता है भाव

Blackstone, प्रमोटर्स और Anchorage Capital मिलकर IIFL Finance में 6,414 करोड़ रुपये डालेंगे और कैपिटल एडिक्वेसी 17% से करीब 30% होगी। ब्रोकरेज के टारगेट सोमवार के बंद भाव से 40.43% तक ऊपर हैं। जानिए पूरी डील, शेयर की चाल और ब्रोकरेज का नजरिया

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 11:34 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IIFL Finance के शेयर बुधवार को BSE पर 10.85% उछलकर 694.65 रुपये तक पहुंच गए।

NBFC कंपनी IIFL Finance के शेयरों में बुधवार, 11 नवंबर को जबरदस्त खरीदारी दिखी। BSE पर शेयर 10.85% उछलकर 694.65 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। कंपनी के बोर्ड ने प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए 6,414 करोड़ रुपये जुटाने को मंजूरी दी है, जिसमें ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फर्म Blackstone अकेले 5,000 करोड़ रुपये लगाएगी। इस डील के बाद ब्रोकरेज भी शेयर पर बुलिश हो गए हैं। Motilal Oswal ने 850 रुपये का टारगेट दिया है, जबकि DAM Capital ने अपना टारगेट बढ़ाकर 880 रुपये कर दिया है।

52 हफ्ते के हाई के करीब पहुंचा शेयर

डील की खबर का असर बाजार खुलते ही दिख गया। सोमवार को BSE पर 626.65 रुपये पर बंद हुआ शेयर बुधवार को 646 रुपये पर खुला, यानी शुरुआत ही 3.09% की बढ़त के साथ हुई। इसके बाद खरीदारी और तेज हुई और शेयर 694.65 रुपये तक चढ़ गया। NSE पर भी शेयर 10.7% उछलकर 694.40 रुपये तक गया। ऊपरी स्तर से शेयर कुछ नीचे आया, पर तेजी बनी रही। सुबह 11:17 बजे शेयर BSE पर 675.80 रुपये पर कारोबार कर रहा था, जो सोमवार के बंद भाव से 7.84% ऊपर है।


ये उछाल शेयर को उसके 52 हफ्ते के हाई के काफी पास ले आया। शेयर का 52 हफ्ते का हाई 705 रुपये है, जो 24 अगस्त 2026 को बना था। 52 हफ्ते का लो 409.10 रुपये है, जो 27 अप्रैल 2026 को बना। पिछले कुछ महीनों से शेयर लगातार ऊपर की राह पर है। 6 महीने में ये 47% उछल चुका है, एक महीने में 12% चढ़ा है और इस साल की शुरुआत से अब तक इसमें 9% से ज्यादा की तेजी आई है।

Motilal Oswal ने दिया 850 रुपये का टारगेट

घरेलू ब्रोकरेज Motilal Oswal को इस कैपिटल इन्फ्यूजन के बाद शेयर में 36% तक की तेजी दिख रही है। ब्रोकरेज ने 850 रुपये का टारगेट दिया है, जो सोमवार के बंद भाव 626.65 रुपये से 35.64% ऊपर है। बुधवार की तेजी के बाद भी 11:17 बजे के 675.80 रुपये के भाव से ये टारगेट 25.78% ऊपर बैठता है।

ब्रोकरेज ने कहा, "हम इस सौदे को पॉजिटिव नजर से देखते हैं, क्योंकि ये बैलेंस शीट की एक बड़ी रुकावट को दूर करता है और कंपनी को ऐसे वक्त में ग्रोथ के लिए बड़ी पूंजी देता है, जब वो अपनी सिक्योर्ड लेंडिंग फ्रेंचाइजी को बड़ा करना चाह रही है। एक बड़े ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी निवेशक Blackstone का शामिल होना फ्रेंचाइजी पर संस्थागत भरोसे की मजबूत मुहर भी है और समय के साथ कंपनी की फंडिंग तक पहुंच को बेहतर कर सकता है। अहम बात ये है कि Blackstone के साथ प्रमोटर्स की भागीदारी कारोबार पर उनके लगातार भरोसे को दिखाती है और उनके हितों को नए निवेशक के साथ जोड़ती है।"

Motilal Oswal ने आगे कहा, "बढ़ी हुई पूंजी से गोल्ड फाइनेंस और दूसरे सिक्योर्ड लेंडिंग कारोबारों में तेज ग्रोथ को सहारा मिलने की उम्मीद है। साथ ही कंपनी को बैंकों के साथ अपनी को-लेंडिंग पार्टनरशिप बढ़ाने और टेक्नोलॉजी में निवेश करने की ज्यादा आजादी मिलेगी। अहम बात ये है कि इस सौदे से कंट्रोल में कोई बदलाव नहीं होता, मौजूदा प्रमोटर्स अपनी प्रमोटर कैटेगरी बनाए रखेंगे।"

DAM Capital ने बढ़ाया टारगेट

DAM Capital ने IIFL Finance का टारगेट बढ़ाकर 880 रुपये कर दिया है। ये सोमवार के बंद भाव 626.65 रुपये से 40.43% और 11:17 बजे के 675.80 रुपये के भाव से 30.22% ऊपर है।

ब्रोकरेज ने कहा, "जिस कैपिटल इन्फ्यूजन का लंबे समय से इंतजार था, वो अब हो गया है। सबसे बड़ी पॉजिटिव बात ये है कि एक ही निवेशक बड़ी रकम डाल रहा है, और वो भी Blackstone। हमें उम्मीद है कि ये निवेश धीरे-धीरे ऑपरेशनल एफिशिएंसी लाएगा और निवेशकों का भरोसा बढ़ाएगा। RBI का बैन हटने के बाद फंड की लागत वैसे भी सुधार की राह पर थी, ये निवेश कर्ज देने वालों को भी और भरोसा देगा। देशभर में अपनी काफी बिखरी और गहरी मौजूदगी के दम पर हमें उम्मीद है कि IIFL Finance गोल्ड बुक के मामले में अपना बेहतर प्रदर्शन जारी रखेगी और संगठित सेक्टर की तरफ हो रहे बदलाव का फायदा उठाएगी।"

Hindalco Share Price : नतीजों के बाद स्टॉक पर ब्रोकरेज हुए बुलिश, लेकिन नियर टर्म रिस्क का भी किया जिक्र

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।