18 नवंबर को प्री-ओपन ब्लॉक विंडो के दौरान एक बड़ी ब्लॉक डील में IIFL फाइनेंस लिमिटेड के ₹3,413 करोड़ के शेयरों की खरीद-बिक्री हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के 5.61 करोड़ शेयरों का लेन-देन हुआ है। ये शेयर कंपनी की कुल इक्विटी के 13.15% के बराबर हैं। ट्रांजेक्शन ₹617 प्रति शेयर की औसत कीमत पर हुआ। शेयर किसने खरीदे और किसने बेचे, इस बारे में अभी आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं है। लेकिन इस सौदे में फेयरफैक्स (Fairfax) की इकाई 'FIH मॉरीशस' के सेलर होने की सबसे अधिक संभावना है।
अगर ऐसा हुआ तो इसका मतलब होगा कि फेयरफैक्स ने IIFL फाइनेंस में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच दी है। CNBC-TV18 के मुताबिक, सूत्रों से पता चला है कि सौदे के तहत शेयर खरीदने वालों में बड़े घरेलू म्यूचुअल फंड्स शामिल हैं। इसके अलावा, पश्चिमी एशिया के फॉरेन इंस्टीट्यूशंस, अमेरिका स्थित कुछ फंड और भारत के टॉप 3 फैमिली ऑफिसेज भी खरीदारों में शामिल हैं।
एक दिन पहले CNBC-TV18 ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी थी कि फेयरफैक्स, IIFL फाइनेंस में अपने 5.65 करोड़ शेयर (या 13.25% हिस्सेदारी) ₹3,454 करोड़ में बेचने की योजना बना रही है। इसके लिए फ्लोर प्राइस ₹611 प्रति शेयर रहने की बात कही गई थी। सितंबर 2026 तिमाही के अंत में IIFL फाइनेंस में प्रमोटर इकाइयों की हिस्सेदारी 24.76% थी।
IIFL Finance का शेयर 6 महीनों में 50% मजबूत
IIFL Finance के शेयर में 18 नवंबर को तेजी है। शुरुआती कारोबार में शेयर BSE पर पिछले क्लोजिंग प्राइस से 7% तक चढ़ा और ₹682.40 के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप ₹28800 करोड़ से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू ₹2 है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 2 सप्ताह में 16% और 6 महीनों में करीब 50% उछला है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर दोगुने से अधिक बढ़कर ₹766.42 करोड़ हो गया। एक साल पहले समान तिमाही में मुनाफा ₹376.33 करोड़ था। शुद्ध ब्याज आय 50.2% की बढ़ोतरी के साथ ₹2,161 करोड़ हो गई, जो सितंबर 2025 तिमाही में ₹1,439 करोड़ थी। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 25% से ज्यादा बढ़ोतरी के साथ ₹4,246.45 करोड़ रहा, जो सितंबर 2025 तिमाही में ₹3,305.11 करोड़ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।