आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और एनालिटिक्स कंपनी फ्रैक्टल एनालिटिक्स के शेयरों में 4 नवंबर यानी बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। इंट्राडे कारोबार में कंपनी का शेयर करीब 13 फीसदी चढ़ गया। इसकी वजह सितंबर तिमाही में कंपनी का जोरदार प्रदर्शन है। सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 10 करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया। इस दौरान नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 139 फीसदी का उछाल आया।
रवेन्यू में 20 फीसदी उछाल
Fractal Analytics का सितंबर तिमाही में रेवेन्यू सालाना आधार पर 19.8 फीसदी बढ़कर ₹956.5 करोड़ हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने ₹798.5 करोड़ का रेवेन्यू कमाया था। तिमाही दर तिमाही आधार पर भी कंपनी के रेवेन्यू में 4.8 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। जून तिमाही में यह ₹912.5 करोड़ रहा था।
कंपनी का एडजस्टेड EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 123 बेसिस पॉइंट बढ़ा। यह सितंबर तिमाही में बढ़कर 16.2 फीसदी हो गया, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 15 फीसदी था। हालांकि, जून तिमाही के 16.8 फीसदी के मुकाबले इसमें करीब 65 बेसिस पॉइंट की गिरावट आई।
नेट प्रॉफिट 139 फीसदी बढ़ा
सितंबर तिमाही में ऑपरेटिंग EBIT मार्जिन सालाना आधार पर 281 बेसिस पॉइंट बढ़कर 10.8 फीसदी पर पहुंच गया। हालांकि, तिमाही आधार पर इसमें 54 बेसिस पॉइंट की गिरावट दर्ज की गई। कंपनी का नेट प्रॉफिट सितंबर तिमाही में 139 फीसदी बढ़कर ₹79.2 करोड़ हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा ₹33.2 करोड़ था। जून तिमाही के ₹72.3 करोड़ के मुकाबले नेट प्रॉफिट में 9.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
रेवेन्यू में दो सेगमेंट की ज्यादा हिस्सेदारी
कंपनी के रेवेन्यू में कंज्यूमर गुड्स और रिटेल सेगमेंट की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी रही। सितंबर तिमाही में इस सेगमेंट का योगदान कुल रेवेन्यू में 34.7 फीसदी था। इस सेगमेंट ने सालाना आधार पर 11 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की। हेल्थकेयर और लाइफ साइंसेज सेगमेंट ने सबसे तेज ग्रोथ दर्ज की। इस सेगमेंट का रेवेन्यू सालाना आधार पर 79 फीसदी बढ़ा। कंपनी के कुल रेवेन्यू में इस सेगमेंट की हिस्सेदारी बढ़कर 25.1 फीसदी हो गई।
फरवरी में आया था कंपनी का आईपीओ
फ्रैक्टल एनालिटिक्स ने इस साल फरवरी में आईपीओ पेश किया था। यह शेयर बाजार पर सूचीबद्ध होने वाली भारत की पहली एआई कंपनी है। कंपनी ने प्रति शेयर 900 रुपये की कीमत पर आईपीओ के इनवेस्टर्स को शेयर एलॉट किए थे। यह शेयर इश्यू प्राइस से नीचे लिस्ट हुआ था। 4 नवंबर को कंपनी का शेयर 1 बजे 13.35 फीसदी चढ़कर 830.60 रुपये पर चल रहा था।