Big stocks : बाजार में अब किन शेयरों में हो सकती है कमाई और रहनी चाहिए नजर, इस पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडीटर अनुज सिंघल ने कहा कि आज हमें बजाज फाइनेंस, बंधन बैंक, काया और फेडरल बैंक पर नजर रखनी चाहिए खबरों के दम पर आज इन शयरों में एक्शन देखने को मिल सकता है। अनुज का ये भी मानना है कि इंडस टॉवर और एक्साइड का सेट अप इस समय काफी अच्छा दिख रहा है। इन शेयरों में कमाई के अच्छे मौके दिख रहे हैं।
बजाज फाइनेंस पर फोकस (ग्रीन सिगनल)
अनुज का कहना है कि पहली तिमाही में बजाज फाइनेंस का बिजनेस अपडेट अच्छा रहा है। 8 साल में नए लोन में पहली तिमाही की सबसे अच्छी ग्रोथ रही है। नए लोन सालाना आधार पर 10.4 फीसदी बढ़कर 109.7 लाख पर रहे हैं। वहीं, तिमाही आधार पर इसमें 39.4 फीसदी की बढ़त हुई है। नए लोन एक करोड़ के पार चले गए हैं। पहली तिमाही में कंपनी का कस्टमर बेस सालाना आधार पर 20.7 फीसदी बढ़कर 8.8 करोड़ पर रहा है। तिमाही आधार पर इसमें 5.3 फीसदी की बढ़त हुई है। इस अवधि में कंपनी की AUM सालाना आधार पर 31.1 फीसदी बढ़कर 354100 करोड़ रुपए पर रही है। तिमाही आधार पर इसमें 7.1 फीसदी की बढ़त हुई है। इसी तरह डिपॉजिट सालाना आधार पर 25.6 फीसदी बढ़कर 62750 करोड़ रुपए पर रही है। तिमाही आधार पर इसमें 4.3 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
बंधन बैंक के Q1 के कारोबारी अपडेट कमजोर हैं। इस अवधि में डिपॉजिट सालाना आधार पर 22.8 फीसदी बढ़कर 133203 करोड़ रुपए पर रहा है। तिमाही दर तिमाही डिपॉजिट में 1.5 फीसदी की गिरावट आई है। CASA सालाना आधार पर 13.8 फीसदी बढ़कर 44453 करोड़ रुपए पर रहा है। वहीं, तिमाही दर तिमाही CASA 11.4 फीसदी घटा है। CASA रेश्यो पिछली तिमाही के 37.1 फीसदी के मुकाबले 33.4 फीसदी पर रही है। लोन सालाना आधार पर 21.76 फीसदी बढ़कर 125619 करोड़ रुपए पर रही है। तिमाही दर तिमाही लोन ग्रोथ 0.72 फीसदी रही है।
फोकस में काया (ग्रीन सिगनल)
मैरिको, काया के प्रोडक्ट्स की सेल्स और मार्केटिंग करेगी। मैरिको, काया क्लिनिक के बाहर इन प्रोडक्ट्स की सेल्स और मार्केटिंग करेगी। इस डील से ब्रांड की ग्रोथ में जोरदार बढ़ोतरी की उम्मीद है।
फेडरल बैंक पर फोकस (ग्रीन सिगनल)
फेडरल बैंक पर नोमुरा का तेजी का नजरिया है। नोमुरा ने इस स्टॉक पर खरीदारी की राय देते हुए 195 रुपए का टारगेट दिया है। पहली तिमाही में सालाना आधार पर 20 फीसदी की अच्छी लोन ग्रोथ देखने को मिली है। रिटेल और होलसेल लोन ग्रोथ शानदार रही है। डिपॉजिट ग्रोथ भी सालाना आधार पर 20 फीसदी रही है। तिमाही आधार पर लोन टू डिपॉजिट रेश्यो स्थिर रहा है। तिमाही आधार पर NIMs के स्थिर रहने की उम्मीद है। असेट क्वॉलिटी के भी स्थिर रहने की उम्मीद है।
अनुज का कहना है कि इंडस टॉवर का शेयर बहुत अच्छे मोमेंटम में है। 9 साल का राइजिंग चैनल पार हो रहा है। पिछले 6 दिन से अच्छा डिलिवरी वॉल्यूम देखने को मिला है। शेयर वायदा बैन से बाहर निकला है। शेयर का भाव नए शिखर पर पहुंच गया है। वायदा में शॉर्ट कवरिंग नजर आई है।
पिछले साल आज के ही दिन पहली बार ये स्टॉक 166 रुपए पर स्पॉटलाइट में आया था। एक साल में इस शेयर ने 138 फीसदी रिटर्न दिया है।
एक्साइड में भी अच्छा प्राइस एक्शन नजर आ रहा है। 6 साल का राइजिंग चैनल पार होने के कगार पर है। करीब दोगुना डिलिवरी वॉल्यूम देखने को मिला है। OI एक महीने की ऊंचाई पर है। वायदा में लॉन्ग बिल्ड अप नजर आया है। पिछले साल 21 जून को 223 रुपए के भाव पर पहली बार अनुज के स्पॉटलाइट शेयरों में आया था। एक साल में इस स्टॉक ने 155 फीसदी रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।