Info Edge Share Price : Naukri.com का मालिकाना हक रखने वाली इंफोएज में आज भी रफ्तार जारी है। कल के अच्छे मूव के बाद आज भी यह शेयर 3 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है। 2 दिनों में ये शेयर करीब 17 फीसदी उछला है। मजबूत तिमाही अपडेट्स के बाद शेयर में जोरादार तेजी आई है। सिटी ने इस स्टॉक के लिए 1400 रुपए का टारगेट दिया है। फिलहाल 11.15 बजे के आसपास एनएसई पर यह शेयर 34.20 रुपए यानी 2.95 फीसदी की तेजी के साथ 1195 रुपए पर दिख रहा था। आज का इसका दिन का हाई 1,217.80 रुपए और दिन का लो 1,172 रुपए है।
पहली तिमाही के मज़बूत बिज़नेस अपडेट की घोषणा के बाद Info Edge के शेयरों में 7 जुलाई को भी 10% का अपर सर्किट लगा था। कल यह शेयर 1,159.45 रुपए पर बंद हुआ था। वहीं, आज इसकी ओपनिंग 1,172 रुपए पर हुई थी।
इस शेयर पर सिटी ने डबल अपग्रेड दिया है। इसके बाद इस शेयर में जोश देखने को मिल रहा है। ब्रोकरेज फर्म ने स्टॉक की रेटिंग सेल से बढ़ाकर बॉय कर दी है। साथ ही इसके टारगेट को भी 1000
रुपए से बढ़ाकर 1400 रुपए कर दिया है। सिटी का कहना है कि आगे बिलिंग ग्रोथ में ARPU का ज्यादा योगदान होने की उम्मीद है। बिलिंग ग्रोथ में AI-Rex, Talent Pulse, Naukri Pro का ज्यादा योगदान देखने को मिल सकता है। ब्रोकरेज ने रिक्रूटमेंट बिलिंग ग्रोथ आउटलुक बढ़ाया है। FY27 रिक्रूटमेंट बिलिंग ग्रोथ आउटलुक 9%से बढ़ाकर 14% किया गया है। FY28E रिक्रूटमेंट बिलिंग ग्रोथ आउटलुक 7% से बढ़ाकर 12% किया गया है। ब्रोकरेज ने FY27/28 EBITDA का अनुमान 5%/15% बढ़ाया है। FY27/28 मुनाफे का अनुमान 8%/17% बढ़ाया है।
कंपनी के बिजनेस अपडेट्स पर एक नजर
कंपनी की स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक जून 2026 में खत्म हुई तिमाही में Info Edge की Q1 स्टैंडअलोन बिलिंग सालाना आधार पर (YoY) 14.4% बढ़कर ₹737 करोड़ हो गई, जबकि Q1FY25 में यह ₹644.20 करोड़ थी। अलग-अलग सेगमेंट में, रिक्रूटमेंट सॉल्यूशंस बिज़नेस (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) में सालाना आधार पर 17.5% की मज़बूत ग्रोथ देखी गई और यह ₹552.70 करोड़ हो गया। इसके बाद 99acres (16.6% की बढ़त) और Jeevansathi (14.1% की बढ़त) का नंबर रहा। हालांकि, शिक्षा (Shiksha) डिवीज़न की ग्रोथ 22.8% घटकर ₹34.60 करोड़ रह गई।
इन्फो एज ने 6 जुलाई को एक्सचेंज के दी गई जानकारी में बताया है कि कंपनी कोडिंगनिंजास (CodingNinjas) में बाकी बची 45.36 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी या 74,741 शेयर खरीदने के लिए शेयर खरीद करार करेगी। यह सौदा 5,340.23 रुपये प्रति शेयर की दर से हो सकता है, जिसकी कुल कीमत 39.91 करोड़ रुपये है। इस ट्रांज़ैक्शन के पूरा होने पर, कंपनी के पास CodingNinjas में 100% हिस्सेदारी होगी और CodingNinjas कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी बन जाएगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।