US की 2 कंपनियों को खरीद रही है Infosys, 56 करोड़ डॉलर तक के हैं सौदे

Optimum Healthcare IT, फ्लोरिडा स्थित एक हेल्थकेयर कंसल्टिंग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन कंपनी है। Stratus न्यू जर्सी स्थित एक टेक्नोलॉजी कंसल्टिंग कंपनी है। हेल्थकेयर और वित्तीय सेवा भारतीय IT कंपनियों के लिए रेवेन्यू के सबसे बड़े स्रोतों में शामिल हैं

अपडेटेड Mar 26, 2026 पर 10:02 AM
Story continues below Advertisement
Infosys के इन सौदों के वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में पूरे होने की उम्मीद है।

IT कंपनी इंफोसिस US की 2 कंपनियों- Optimum Healthcare IT और Stratus Global LLC को खरीद रही है। ये सौदे 56 करोड़ डॉलर तक के हैं। कंपनी ने एक बयान में कहा ​कि वह ऑप्टिमम हेल्थकेयर IT को 46.5 करोड़ डॉलर तक में और स्ट्रेटस को 9.5 करोड़ डॉलर तक में खरीदेगी। इन सौदों के वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में पूरे होने की उम्मीद है। लेकिन ऐसा होना रेगुलेटरी मंजूरी पर निर्भर करेगा।

Optimum Healthcare IT, फ्लोरिडा स्थित एक हेल्थकेयर कंसल्टिंग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन कंपनी है। इसमें 1600 से ज्यादा कर्मचारी हैं और यह इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड और एंटरप्राइज सिस्टम जैसे क्षेत्रों में काम करती है। Infosys ने कहा कि इस खरीद से सर्विस प्रोवाइडर सेगमेंट में उसकी मौजूदगी बढ़ेगी और नए क्लाइंट्स से रिश्ते जुड़ेंगे। Optimum का रेवेन्यू तेजी से बढ़ा है। वित्त वर्ष 2024 में यह 10.66 करोड़ डॉलर था। वित्त वर्ष 2025 में यह 27.59 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया।

Stratus क्या करती है


Stratus न्यू जर्सी स्थित एक टेक्नोलॉजी कंसल्टिंग कंपनी है, जो प्रॉपर्टी और कैजुअल्टी बीमा कंपनियों पर फोकस करती है। कंपनी में 450 से ज्यादा लोग हैं। कंपनी गाइडवायर-संबंधी सेवाओं में विशेषज्ञता रखती है, जिनमें इंप्लीमेंटेशन, क्लाउड माइग्रेशन और डेटा प्लेटफॉर्म शामिल हैं। Infosys ने कहा कि इस अधिग्रहण से उसकी बीमा क्षमताओं को मजबूती मिलेगी, खासकर P&C सेगमेंट में।

हेल्थकेयर और वित्तीय सेवा भारतीय IT कंपनियों के लिए रेवेन्यू के सबसे बड़े स्रोतों में शामिल हैं। लेकिन इन दोनों सेक्टर्स के क्लाइंट विवेकाधीन खर्च के मामले में सबसे ज्यादा सतर्क भी रहते हैं। इस वजह से वेंडर्स को डोमेन-बेस्ड कंसल्टिंग और प्लेटफॉर्म विशेषज्ञता पर फोकस करना पड़ा है।

NHPC को बोर्ड से मिली ₹8000 करोड़ जुटाने की मंजूरी, 27 मार्च को शेयरों पर रहेगी शेयरों पर नजर

चढ़ सकता है Infosys का शेयर

इस डेवलपमेंट के बाद 27 मार्च को Infosys के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है। बुधवार, 25 मार्च को शेयर की कीमत BSE पर 1279.35 रुपये पर बंद हुई। 26 मार्च को रामनवमी के अवसर पर शेयर बाजार बंद है। कंपनी का मार्केट कैप 5.18 लाख करोड़ रुपये है। शेयर 3 महीनों में 23 प्रतिशत नीचे आया है। फरवरी में एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 1750 रुपये, प्रभुदास लीलाधर ने 'बाय' रेटिंग के साथ 1900 रुपये और मोतीलाल ओसवाल ने 'बाय' रेटिंग के साथ 1850 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।