NHPC News: सरकारी हाइड्रोपाववर कंपनी एनएचपीसी के शेयरों में शुक्रवार को स्टॉक मार्केट खुलने पर तेज हलचल दिख सकती है। इसकी वजह ये है कि 25 मार्च को कंपनी के बोर्ड की बैठक में कर्ज जुटाने के एक प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। कंपनी की योजना ₹8 हजार करोड़ जुटाने की है। इस प्रस्ताव को मंजूरी पर एनएचपीसी के शेयरों में तेज उठा-पटक हो सकती है। अभी की बात करें तो बुधवार 25 मार्च को बीएसई पर 0.88% की बढ़त के साथ ₹77.20 (NHPC Share Price) पर बंद हुआ था।
आज की बात करें तो रामनवमी के मौके पर स्टॉक मार्केट में कारोबार बंद है। एक कारोबारी दिन पहले सेंसेक्स की मंथली एक्सपायरी को सेंसेक्स 1205.00 प्वाइंट्स यानी 1.63% की बढ़त के साथ 75,273.45 और निफ्टी 394.05 प्वाइंट्स यानी 1.72% के उछाल के साथ 23,306.45 पर बंद हुआ था। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 75,849.76 और निफ्टी 23,465.35 तक पहुंच गया था।
क्या है NHPC का कर्ज जुटाने का प्लान?
एनएचपीसी के बोर्ड ने सिक्योर्ड या अनसिक्योर्ड, रिडीमेबेल, टैक्सेबल, नॉन-कम्यूलेटिव, नॉन-कंवर्टिबल कॉरपोरेट बॉन्ड्स के जरिए वित्त वर्ष 2027 के लिए ₹8 हजार करोड़ का कर्ज जुटाने की मंजूरी दी है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी है। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए यह कर्ज एक या अधिक किश्तों में जुटाया जाएगा। मार्केट की परिस्थितियों को देखते हुए कंपनी टर्म लोन या एक्सटर्नल कमर्शियल बॉरोइंग्स (ECBs) के जरिए भी फंड जुटा सकती है।
एनएचपीसी के कारोबारी सेहत की बात करें तो चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही कंपनी को तगड़ा शॉक लगा। दिसंबर 2025 तिमाही में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 5.2% गिरकर ₹219 करोड़ पर आ गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 2.9% फिसलकर ₹2,220 करोड़ पर आ गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो इसे और तगड़ा शॉक लगा। दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी ईबीआईटीडीए 79.2% गिरकर ₹210 करोड़ पर आ गया तो ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 44.4% से फिसलकर 9.5% पर आ गया। नतीजे के साथ-साथ कंपनी ने हर शेयर पर ₹1.40 के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
एनएचपीसी के शेयरों ने निवेशकों का तगड़ा शॉक दिया है। करीब दो साल पहले 15 जुलाई 2024 को बीएसई पर यह ₹118.45 के भाव पर थे जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल 20 महीने में यह 42.03% टूटकर 2 मार्च 2026 को ₹68.66 पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। पिछले साल 9 जून 2025 को यह ₹92.30 पर था जो इसके लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।