Avience Biomedicals IPO Listing: बायोटेक कंपनी एविएंस बायोमेडिकल्स के शेयरों की आज NSE SME पर धांसू एंट्री हुई और पहले ही दिन इसने आईपीओ निवेशकों का पैसा लगभग डबल कर दिया। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 385 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹208 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹395.20 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 90% का लिस्टिंग गेन (Avience Biomedicals Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹414.95 (Avience Biomedicals Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 99.50% मुनाफे में हैं। इस प्रकार लिस्टिंग पर ही आईपीओ निवेशकों का पैसा लगभग डबल हो गया। चूंकि लॉट साइज 600 शेयरों का था तो हर लॉट पर आईपीओ निवेशकों को ₹1,24,170 का मुनाफा हुआ।
Avience Biomedicals IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
एविएंस बायोमेडिकल्स का ₹30 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 18-22 जून तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 385.32 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 196.77 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 597.23 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 401.36 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 14,53,800 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹14.05 करोड़ नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के कुछ खर्चों को भरने, ₹8.25 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Avience Biomedicals के बारे में
एविएंस बायोमेडिकल्स मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक सॉल्यूशंस तैयार कर इसे देश-विदेश में पहुंचाती है। इसका फोकस बॉयोटेक्नोलॉजी, जीनोमिक्स और आईवीडी इंडस्ट्री पर है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में डेंगू-मलेरिया इत्यादि के लिए रैपिड टेस्ट किट्स, बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर्स और रीएजेंट्स, कोरोना समेत मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक किट्स, हेमेटोलॉजी एनालाइजर और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर-VTM जैसे मेडिकल डिवाइसेज हैं। इसके प्रोडक्ट्स को देश-विदेश के पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी लैब, हॉस्पिटल्स और रिसर्च सेंटर्स को भेजा जाता है। इसकी मैन्यूफैक्चरिंग यूनिट यूपी के नोएडा में है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2025 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 237.85% बढ़कर ₹7.23 करोड़ और टोटल इनकम 88.63% उछलकर ₹45.97 करोड़ पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 यानी 10 महीने में इसे ₹5.74 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹41.94 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ। जनवरी 2026 के आखिरी में कंपनी पर ₹26.73 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹24.49 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।