Millworks Tech IPO Listing: रेलवे, ऐरोस्पेस, डिफेंस, मेट्रो रेल, ड्रोन और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्रीज के लिए प्रोडक्ट्स बनाने वाली मिलवर्क्स टेक के शेयरों की आज BSE SME पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 219 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹331 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹628.90 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 90% का लिस्टिंग गेन (Millworks Tech Listing Gain) मिला।
लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹660.30 (Millworks Tech Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 99.49% मुनाफे में हैं।
Millworks Tech IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
मिलवर्क्स टेक का ₹160 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 14-16 जुलाई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 219.54 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 194.05 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 260.37 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 216.60 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 48.44 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹61.03 करोड़ प्लांट-मशीनरी की खरीदारी, ₹81.50 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे इश्यू से जुड़े खर्चों को भरने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Millworks Tech के बारे में
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज एक प्रिसिजन इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। यह रेलवे, ऐरोस्पेस, डिफेंस, मेट्रो रेल, ड्रोन और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्रीज के लिए हाई-प्रिसिजन कंपोनेंट्स डिजाइन करके बनाती है और एसेंबली करती है। कर्नाटक के बेंगलुरु में इसकी चार एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज हैं। 10 जनवरी 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक इसका ऑर्डर बुक करीब ₹96 करोड़ के मजबूत लेवल पर है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023-26 के बीच यह रॉकेट की स्पीड से मजबूत हुई है। पहले शुद्ध मुनाफे की बात करें तो वर्ष 2024 में ₹1.95 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹5.25 करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में ₹37.06 करोड़ पर पहुंच गया तो टोटल इनकम भी वर्ष 2024 में ₹9.40 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹22.42 करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 में ₹153.40 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 के आखिरी में कंपनी पर ₹17.02 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹69.90 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।