सोमवार की भारी गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों में आज यानी मंगलवार को जबरदस्त तेजी देखी गई। सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty) जैसे प्रमुख सूचकांकों में 2 फीसदी से अधिक की उछाल आई, जिसके साथ शेयर बाजार के निवेशकों की पूंजी महज एक दिन में 5.66 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई।
तीस शेयरों पर आधारित बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 1,276.66 अंक यानी 2.25 प्रतिशत उछलकर 58,065.47 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान तो एक समय यह 1,311.13 अंक तक चढ़ गया था।
इस तेजी के चलते BSE में लिस्टेड सभी कंपनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन में आज 5,66,318.84 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह कारोबार के अंत में 2,73,92,739.78 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सोमवार को कारोबार खत्म होते समय BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 2,68,26,421 लाख करोड़ रुपये था।
कोटक सिक्योरिटीज लिमिटेड के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान ने बताया, "मजबूत ग्लोबल संकेतों से प्रमुख सूचकांकों में जोरदार तेजी देखी गई।" वहीं रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड में रिसर्च वर्टिकल के वाइस प्रेसिडेंट अजित मिश्रा ने बताया कि ग्लोबल बाजारों से पॉजिटिव संकेत मिलने से घरेलू शेयर बाजारों में रौनक लौटी और ये 2 प्रतिशत से अधिक बढ़ गए।
सबसे अधिक तेजी मेटल, बैंक और आईटी शेयरों में देखने को मिली। Sensex के तीस शेयरों में इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी (HDFC), टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, विप्रो, HDFC बैंक और एक्सिस बैंक में सबसे अधिक तेजी देखी गई। दूसरी तरफ पावरग्रिड, सन फार्मा और डॉ. रेड्डीज में गिरावट रही।
BSE के सभी सेक्टर इंडेक्स में भी खरीदारी रही। IT,मेटल और बैकिंग शेयरों में जोरदार तेजी दिखी। रियल्टी, FMCG और ऑटो शेयरों में भी बढ़त रही। सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयरों में तेजी रही। निफ्टी के 50 में से 48 शेयरों में तेजी रही। वहीं निफ्टी बैंक के सभी 12 शेयरों में तेजी रही।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने बताया, "वॉल स्ट्रीट (अमेरिकी शेयर बाजार) में सोमवार की तेजी और बैंकों के सितंबर तिमाही के मजबूत कारोबारी आंकड़े से बाजार में उत्साह रहा। अमेरिका में PMI मैन्युफैक्चरिंग में नरमी से यह संभावना बनी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दर बढ़ाने के मामले में थोड़ा नरम रुख अपना सकता है।"
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।