IRFC Share Price: इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन (आईआरएफसी) के शेयरों में 24 जून को बड़ी गिरावट आई। बाजार खुलते ही यह शेयर करीब 6 फीसदी तक क्रैश कर गया। इसकी वजह सरकार का ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) है। सरकार ओएफएस के जरिए आईआरएफसी में अपने 2 फीसदी तक हिस्सेदारी बेच रही है। नॉन-रिटेल इनवेस्टर्स के लिए यह इश्यू 24 जून को खुल गया है।
ओएफएस के लिए प्रति शेयर 91 रुपये की कीमत तय
सरकार ने IFRC के ओएफएस के लिए प्रति शेयर 91 रुपये का प्राइस तय किया है। यह ओएफएस 25 जून को रिटेल इनवेस्टर्स के लिए खुलेगा। इस ओएफएस के जरिए सरकार 26.13 करोड़ से ज्यादा शेयर बेच रही है, जो IRFC में 2 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। सरकार को इस हिस्सेदारी को बेचने से 2,300 करोड़ रुपये मिलेंगे।
करीब 7.79 फीसदी डिस्काउंट पर शेयरों में निवेश का मौका
IRFC के शेयर के 23 जून के क्लोजिंग प्राइस के मुकाबले करीब 7.79 फीसदी डिस्काउंट पर सरकार ओएफएस में शेयर बेच रही है। डिपार्टमेंट ऑफ इनवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मॉनेटाइजेशन (DIPAM) के सेक्रेटरी अरुणीश चावला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया है कि सरकार आईआरएफसी में 1 फीसदी हिस्सेदारी का विनिवेश कर रही है। इसके अलावा 1 फीसदी का अतिरिक्त ग्रीन शू ऑप्शन भी होगा। दोनों मिलाकर सरकार कुल 2 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी।
इस साल सरकार ने विनिवेश से जुटाए 16,480 करोड़ रुपये
सरकार ने इस साल पांच सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज (CPSE), बैंक और इंश्योरेंस कंपनियों में हिस्सेदारी बेची है। इससे सरकार को करीब 16,480 करोड़ रुपये मिले हैं। सरकार को कोल इंडिया में हिस्सेदारी बेचने से 5,542 करोड़ रुपये मिले हैं। एनएचपीसी में हिस्सेदारी बेचने से 4,357 करोड़ रुपये मिले हैं। जीआईसी में हिस्सेदारी बेचने से 3,090 करोड़ रुपये मिले हैं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में हिस्सा बेचने से 2,266 करोड़ रुपये मिले हैं। एनएलसी इंडिया में विनिवेश से 1,223 करोड़ रुपये मिले हैं।
इस साल 25 फीसदी से ज्यादा गिरा है ओएफएस का शेयर
24 जून को शेयर बाजारों में अच्छी तेजी दिखी। निफ्टी 0.40 फीसदी यानी 95 अंक चढ़कर 23,922 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.59 फीसदी यानी 456 अंक के उछाल के साथ 76,662 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी में भी 0.89 फीसदी की मजबूती दिखी। 23 जून को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई थी। IRFC का शेयर 24 जून को 10:20 बजे 5.31 फीसदी की गिरावट के साथ 93.44 रुपये पर चल रहा था। 2026 में यह शेयर 25 फीसदी से ज्यादा गिरा है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।