Tel Aviv Stock Exchange: ईरान से छिड़ी जंग के बावजूद, इजराइल के शेयर बाजार 'तेल अवीव स्टॉक एक्सचेंज (TASE)' में आज 19 जून को 4 प्रतिशत से अधिक की जोरदार उछाल आई। यह उछाल ऐसे समय में आई जब ईरान के मिसाइल हमले में इजराइली स्टॉक एक्सचेंज की इमारत को नुकसान पहुंचने की खबरें आ रही हैं। अल जजीरा ने एक रिपोर्ट में दावा किया कि गुरुवार सुबह ईरान के हमले में इजराइली स्टॉक एक्सचेंज की बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है।
इजराइल के स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे शेयर बाजार खुले और शुरुआत से ही इसमें लगातार तेजी बनी रही। बेंचमार्क इंडेक्स ने दिन के उच्चतम स्तर पर 4.7 फीसदी की उछाल दर्ज की और इसने अपना नया 52-वीक हाई छू लिया। यह लगातार पांचवां दिन है, जब तेल अवीव इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली है। हालांकि 12 जून को इंडेक्स में 4 फीसदी की गिरावट आई थी। इस साल अब तक TA‑125 इंडेक्स 16 फीसदी चढ़ चुका है, जबकि इस दौरान अमेरिकी शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स S&P 500 में महज 2 फीसदी की तेजी आई है।
हालांकि इस मजबूती के बावजूद निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है क्योंकि इलाके में तनाव लगातार बढ़ रहा है।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल ने गुरुवार सुबह ईरान के अराक हैवी वॉटर रिएक्टर को निशाना बनाया था। हालांकि इस हमले से कोई रेडिएशन खतरा नहीं है क्योंकि हमले से पहले ही साइट को खाली करवा लिया गया था। इसके जवाब में ईरान ने दक्षिणी इजराइल के एक प्रमुख अस्पताल पर मिसाइल हमला किया, जिससे अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचा है। इजराइली अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।
ईरानऔर इजराइल के बीच हालिया तनाव की शुरुआत पिछले हफ्ते हुई, जब इजराइली के हवाई और मिसाइल हमलों में ईरान के कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई और उसके कुछ महत्वपूर्ण परमाणु ठिकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा। वहीं ईरान के जवाबी हमलों में इजराइल में अब तक दो दर्जन से अधिक नागरिकों की मौत हो चुकी है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।