IT Share Price Today: आईटी शेयरों में 25 फरवरी को जबर्दस्त रिकवरी दिखी। 24 फरवरी को आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक, विप्रो, एलटीआई माइंडट्री जैसे शेयरों में उछाल से निफ्टी आईटी इंडेक्स 11:15 बजे 2.48 फीसदी ऊपर चल रहा था। इससे आईटी शेयरों के निवेशकों को कुछ राहत मिली।
दिग्गज आईटी स्टॉक्स में तेजी
देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS का शेयर 11:15 बजे 2.85 फीसदी चढ़कर 2,647 रुपये पर चल रहा था। Infosys का शेयर 2.47 फीसदी के उछाल के साथ 1,306 रुपये था। एचसीएल टेक का शेयर 3.52 फीसदी के उछाल के साथ 1,387 रुपये चल रहा था। विप्रो और एलटीआई माइंडट्री के शेयरों में भी 2 फीसदी का उछाल दिखा। इस रिकवरी के बावजूद निफ्टी आईटी इंडेक्स एक हफ्ते में करीब 7 फीसदी और एक महीने में करीब 20 फीसदी गिरा है।
यूएस मार्केट्स में तेजी का असर
भारतीय शेयर बाजार में 25 फरवरी को तेजी दिखी। 24 फरवरी को अमेरिकी शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक तेजी के साथ बंद हुए थे। खासकर अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनियों में अच्छी तेजी दिखी थी। अमेरिकी बाजार का प्रमुख सूचकांक Nasdaq Composite Index 1 फीसदी से ज्यादा चढ़कर क्लोज हुआ था। इस सूचकांक में कई अमेरिकी आईटी कंपनियां शामिल हैं। इसका असर 25 फरवरी को इंडियन IT Stocks पर देखने को मिला।
एआई के डर से आईटी शेयरों में बिकवाली
बीते कई हफ्तों से आईटी शेयरों में बिकवाली देखने को मिली है। इसकी वजह नए एआई टूल्स हैं। इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी एआई कंपनी नए टूल्स लॉन्च करने का ऐलान किया था। उसके बाद से वह कई एआई टूल्स लॉन्च करने का ऐलान कर चुकी है। ये एआई टूल्स ज्यादात उन कामों को करने में सक्षम हैं, जो आईटी कंपनियां अभी करती है। माना जा रहा है कि इसका असर आईटी कंपनियों के रेवेन्यू पर पड़ेगा। इस डर से इनवेस्टर्स आईटी शेयरों को बेच रहे हैं।
शॉर्ट टर्म में दबाव जारी रह सकता है
एक्सपर्ट्स का कहना है कि आईटी शेयरों में शानदार रिकवरी के बावजूद शॉर्ट टर्म में निवेशकों को इनमें निवेश में सावधानी बरतने की जरूरत है। एनालिस्ट्स का कहना है कि एआई टूल्स के इस्तेमाल का असर आईटी कंपनियों पर पड़ेगा। लेकिन, कितना पड़ेगा यह कहना अभी मुश्किल है। हालांकि, आईटी कंपनियां बदली स्थितियों के साथ तालमेल बैठाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में जब तक तस्वीर थोड़ी साफ नहीं हो जाती है, आइटी शेयरों में निवेश को लेकर सावधानी बरतना ठीक रहेगा।