IT Stocks : इंफोसिस का शेयर इस साल करीब 25 फीसदी फिसलने के बाद फिर से रिकवरी मोड में नजर रहा है। शेयर एक हफ्ते में 8 फीसदी भागा है। इसके अलावा दूसरे आईटी शेयरों में भी तेजी आई है। इसके चलते निफ्टी IT इंडेक्स में मंगलवार को भी तेजी जारी है। बाजार में कमजोरी के बावजूद आज Infosys और TCS के शेयर 5 प्रतिशत तक उछल गए हैं। निवेशक IT शेयरों में निवेश कर रहे हैं। निवेशकों को यह लग रहा है कि दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में आई तेज़ी से आईटी कंपनियों के प्रोडक्ट और सर्विसेज की मांग मज़बूत हो सकती है।
आज सुबह के कारोबार में Nifty IT इंडेक्स 3.6 प्रतिशत बढ़कर 30,921 पर पहुंच गया। यह सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला सेक्टोरल इंडेक्स बनकर उभरा। इसी दोरान Nifty में 0.5 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिल रही थी। बैंकिंग,एनर्जी, FMCG,फार्मा और इंफ्रास्ट्रक्चर शेयरों सहित लगभग सभी दूसरे सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
आईटी में इस बढ़त की अगुवाई IT सेक्टर के बड़े शेयरों ने की है। TCS का शेयर 4.95 प्रतिशत उछलकर 2,411.2 रुपये पर पहुंच गया और Nifty 50 में सबसे ज़्यादा बढ़त हासिल करने वाला शेयर बन गया है। Infosys भी 4.85 प्रतिशत बढ़कर 1,260.8 रुपये पर पहुंच गया। HCL Technologies में 3.05 प्रतिशत की बढ़त हुई और Tech Mahindra 1.9 प्रतिशत ऊपर चढ़ा। Wipro भी 0.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था। बेंचमार्क Nifty 50 इंडेक्स में सबसे ज़्यादा बढ़त हासिल करने वाले शेयरों में पांच बड़ी IT कंपनियां शामिल थीं।
दिग्गज आईटी शेयरों के साथ ही छोटे-मझोले आईटी शेयरों में भी तेजी आई है। BSE Midcap में सबसे ज़्यादा बढ़त हासिल करने वाले शेयरों में Hexaware Technologies लगभग 6 प्रतिशत ऊपर चढ़ा है,जबकि LTIMindtree, Mphasis, KPIT Technologies, Tata Elxsi, Coforge और Persistent Systems में 2.5 प्रतिशत से 4.5 प्रतिशत के बीच बढ़त देखने को मिली है। Midcap सेगमेंट में सबसे ज़्यादा बढ़त हासिल करने वाले शेयरों में IT शेयरों की संख्या सबसे ज़्यादा है।
इंफोसिस में तेजी, क्या हैं संकेत?
इंफोसिस का शेयर काफी ज्यादा एक्शन में दिख रहा है। 2 दिनों में यह शेयर 7% भागा है। इसने 1224 रुपए के स्तर पर स्थित 50-DMA पार कर लिया है। स्टॉक 14 मई के निचले स्तर 1089 रुपए से 15 फीसदी ऊपर दिख रहा है और अपने ऑल टाइम हाई से 38 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है।
इंफोसिस के प्रदर्शन पर नजर डालें तो इसने 6 महीने में 60 फीसदी की कमजोरी दिखाई है। वहीं,1 साल में यह शेयर 1 फीसदी गिरा है। साल में इसने 10 फीसदी निगेटिव रिटर्न दिया है।
IT सेक्टर पर ब्रोकरेज पॉजिटिव
IT सेक्टर पर ब्रोकरेज का नजरिया भी पॉजिटिव हो गया है। IT पर बर्नस्टीन का ओवरवेट नजरिया बरकरार है। वहीं,CLSA का कहना है कि आगे इस सेक्टर की मांग में मजबूती देखने को मिल सकती है। जबकि, Morgan Stanley का कहना है कि IT सेक्टर आगे छुपा रुस्तम साबित हो सकता है।
इंफोसिस पर एनालिस्ट व्यू: ब्लूमबर्ग डाटा
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक 73 फीसदी एनालिस्ट की इस स्टॉक में खरीदारी की सलाह है। वहीं,24 फीसदी एनालिस्ट की इस शेयर में बने रहने की सलाह है। वहीं, सिर्फ 3 फीसदी एनालिस्ट इस शेयर से निकल जाने को पक्ष में हैं। इंफोसिस पर एनालिस्ट का एवरेज टारगेट 1467 रुपए है। इस स्टॉक में अगले 12 महीनों में 18% रिटर्न का अनुमान है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।