दिग्गज एफएमसीजी कंपनी आईटीसी (ITC) के सबसे बड़े शेयरहोल्डर ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको (BAT) ने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी हल्की की है। इसने जो शेयर बेचे हैं, उसे खरीदने के लिए देशी-विदेशी फंड हाउसेज में होड़ मच गई। जीआईसी सिंगापुर ने आईटीसी के 9.2 करोड़ शेयर खरीदे हैं तो घरेलू फंड हाउस ICICI प्रू म्यूचुअल फंड ने 12.4 करोड़ शेयर खरीदे हैं। यह खरीदारी कई ब्लॉक डील्स में हुई हैं। बीएसई पर मौजूद बल्क डील्स के आंकड़ों के मुताबिक दोनों ने कुल मिलाकर ₹8,627 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे जबकि टोटल डील ₹17,485 करोड़ रुपये की थी यानी इन दोनों ने ही करीब आधे शेयर खरीद लिए। शेयरों की बात करें तो आज बीएसई पर यह 0.62 फीसदी की गिरावट के साथ 419.80 रुपये (ITC Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 425.55 रुपये तक चढ़ गया था और 418.00 रुपये के निचले स्तर तक फिसला था।
