ITC होटल्स ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। तिमाही के दौरान कंपनी के मालिकों के लिए शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 35.4 प्रतिशत बढ़कर 180.25 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 133.10 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 14.77 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 936.02 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो जून 2025 तिमाही में 815.54 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि जून 2026 तिमाही में खर्च 750 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 674.97 करोड़ रुपये के थे। EBITDA सालाना आधार पर 19.6 प्रतिशत बढ़कर 292.3 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA मार्जिन बढ़कर 31.2 प्रतिशत पर पहुंच गया।
ITC Hotels शेयर में गिरावट
ITC Hotels के शेयर में 16 जुलाई को दिन में 5.6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर शेयर 173.20 रुपये के लो तक गया। बाद में 174 रुपये पर बंद हुआ। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 36200 करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। कीमत एक साल में 27 प्रतिशत नीचे आई है। वहीं एक महीने में 10 प्रतिशत चढ़ी है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 39.85 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
GHK Hospitality & Infrastructures को खरीदेगी ITC Hotels
कंपनी ने शेयर बाजारों को यह भी बताया है कि वह GHK हॉस्पिटैलिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड को खरीद रही है। इस ट्रांजेक्शन की एंटरप्राइज वैल्यू 155 करोड़ रुपये है। कंपनी के बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद ITC Hotels ने 100 प्रतिशत हिस्सेदारी की खरीद के लिए शेयर परचेज एंड शेयर सब्सक्रिप्शन एग्रीमेंट कर लिया है। यह खरीद जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में पूरी होने की उम्मीद है। यह रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन नहीं है।
GHK के पास Welcomhotel Ahmedabad का मालिकाना हक है। इस होटल में 130 कमरे हैं।इसे अभी ITC Hotels ऑपरेटिंग सर्विसेज एग्रीमेंट के तहत चला रही है। इस खरीद से ITC Hotels को अहमदाबाद में अपने एसेट पोर्टफोलियो को सभी मार्केट सेगमेंट में एक पहले से स्थापित होटल के जरिए बढ़ाने का मौका मिलेगा। यह खरीद कंपनी को अहमदाबाद की साल भर की अलग-अलग तरह की डिमांड का फायदा उठाने का मौका देती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।