IT कंपनी टेक महिंद्रा के अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे आज, 16 जुलाई को जारी होने वाले हैं। तिमाही परफॉरमेंस की घोषणा से पहले कंपनी के शेयर में तेजी है। दिन में BSE पर शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 2.6 प्रतिशत तक उछलकर 1538 रुपये के हाई तक गई। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1.48 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। जानकारों का अनुमान है कि जून तिमाही के लिए मुनाफे और रेवेन्यू में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
ब्लूमबर्ग के अनुमानों के मुताबिक, टेक महिंद्रा का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 17 प्रतिशत बढ़कर 1,583 करोड़ रुपये हो सकता है। रेवेन्यू 15,458 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। EBIT तिमाही आधार पर 5 प्रतिशत बढ़कर 2,189 करोड़ रुपये और EBIT मार्जिन बढ़कर 14.16 प्रतिशत हो सकता है।
मार्च तिमाही के नतीजों की घोषणा के दौरान कंपनी के मैनेजमेंट ने AI-बेस्ड ऑपरेटिंग मॉडल की तरफ बढ़ने का संकेत दिया था। कहा था कि वह ऑटोमेशन बेस्ड एफिशिएंसी बढ़ा रही है और ज्यादा मार्जिन वाली ऑफरिंग्स को सपोर्ट कर रही है। ऐसे में निवेशक जून तिमाही की कमाई पर अपडेट के साथ-साथ आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर नजरिए पर भी नजर रखेंगे।
मार्च तिमाही में कैसी रही थी Tech Mahindra की वित्तीय सेहत
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,353.8 करोड़ रुपये रहा था। एक साल पहले मुनाफा 1,166.7 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 12.6 प्रतिशत बढ़कर 15,076.1 करोड़ रुपये रहा था। मार्च 2025 तिमाही में यह 13,384 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष 2026 के लिए टेक महिंद्रा का शुद्ध मुनाफा 13.15 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4,810.9 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 7.2 प्रतिशत बढ़कर 56,815.4 करोड़ रुपये हो गया।
टेक महिंद्रा का शेयर एक सप्ताह में 6 प्रतिशत उछला है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,850 रुपये और एडजस्टेड लो 1,304.25 रुपये है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 34.97 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है।
विप्रो के भी तिमाही नतीजे आज
IT कंपनी विप्रो भी आज, 16 जुलाई को अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी करने वाली है। शेयर मार्केट बंद होने के बाद इनकी घोषणा की जाएगी। तिमाही नतीजों की घोषणा से पहले इस कंपनी के शेयर में भी तेजी है। दिन में BSE पर शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से लगभग 2 प्रतिशत तक उछलकर 178 रुपये के हाई तक गई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।