ITC Q4 results: देश की दिग्गज एफएमसीजी कंपनी ITC Limited ने 18 मई को वित्त वर्ष 2023 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। 31 मार्च 2023 को खत्म हुई इस तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 21.4 फीसदी की बढ़त के साथ 5,086.9 करोड़ रुपए पर रहा है। वहीं, 31 मार्च 2022 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी का मुनाफा 4190.9 रुपए पर रहा था।
31 मार्च 2023 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी की कामकाजी आय सालाना आधार पर 5.6 फीसदी की बढ़त के साथ 16398 करोड़ रुपए पर रही है। वहीं, 31 मार्च 2022 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी की कामकाजी आय 15531 करोड़ रुपए पर रही थी।
मुनाफा और आय दोनों ही रहे उम्मीद से बेहतर
31 मार्च 2023 को खत्म हुई तिमाही में ITC का मुनाफा और आय दोनों ही उम्मीद से बेहतर रहे हैं। ब्रोकरेज के बीच कराए गए एक पोल से निकलकर आया था कि इस तिमाही में सिगरेट से लेकर साबुन तक बनाने वाली इस दिग्गज एफएमसीजी कंपनी का शुद्ध मुनाफा 4764.4 करोड़ रुपये और और आय 16152 करोड़ रुपये रह सकती है।
चौथी तिमाही में ITC का EBITDA सालाना आधार पर 19 फीसदी बढ़कर 6209.3 करोड़ रुपए रहा है। वहीं, EBITDA मार्जिन पिछले वित्त वर्ष को इसी अवधि के 33.6 फीसदी से बढ़कर 37.9 फीसदी पर रही है। नतीजों के साथ के साथ कंपनी ने 6.75 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिवीडेंड और 2.75 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के स्पेशल डिवीडेंड का भी ऐलान किया है।
सिगरेट कारोबार की आय में सालाना आधार पर 14 फीसदी की बढ़त
कंपनी के अलग-अलग सेगमेंट के प्रदर्शन की बात करें तो मार्च तिमाही में कंपनी के सिगरेट कारोबार की आय में सालाना आधार पर 14 फीसदी की बढ़त हुई है। इस अवधि में कंपनी के सिगरेट कारोबार की आय 7355.83 करोड़ रुपये रही है। इसी तरह एफएमसीजी कारोबार की आय सालाना आधार पर 19 फीसदी बढ़कर 4944.95 करोड़ रुपये और होटल कारोबार की लगभग दोगुना बढ़कर 781 करोड़ रुपये पर रही है। बता दें कि कंपनी की कुल कमाई में सिगरेट कारोबार की हिस्सेदारी एक तिहाई से ज्यादा रहती है।
ITC के शेयरों के चाल की बात करें तो एनएसई पर आज ये शेयर 7.90 रुपए यानी 1.85 फीसदी की गिरावट के साथ 419.70 रुपए के स्तर पर बंद हुआ है। आज का इस शेयर का दिन का हाई 432.45 रुपए और दिन का लो 418.10 रुपए रहा है। ये स्टॉक आज 430 रुपए पर खुला था। जबकि कल के कारोबार में 427.60 पैसे पर बंद हुआ था। स्टॉक का वॉल्यूम 23995166 शेयरों का रहा। कंपनी की मार्केट कैप 521603 करोड़ रुपए है।